अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। एसडीएम कार्यालय के समक्ष प्लाट व ग्रांट की मांग को लेकर जाखनदादी ढाणी के लोगों द्वारा दिया जा रहा धरना मंगलवार को 16वें दिन में प्रवेश कर गया। वहीं शुरू की गई अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल दूसरे दिन में प्रवेश कर गई। मंगलवार को धरने की अध्यक्षता गुरजंट सिंह ने की। भूख हड़ताल पर लीला सिंह, दुनी चंद, जीत सिंह, देवराज व गुरजंट सिंह बैठे। कामरेड तेजिंद्र सिंह ने उक्त लोगों को मालाएं पहनाकर धरने पर बैठाया। धरने को संबोधित करते हुए देहाती मजदूर सभा के जिला सचिव सुखचैन सिंह व गुरजंट सिंह खालसा ने कहा कि पिछले 16 दिनों से धरने और दो दिन से भूख हड़ताल पर बैठे जाखनदादी ढाणी के लोगों की सुध लेने कोई नहीं आया। जिससे लोगों में लगातार रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार बेघरों को प्लाट देने का प्रचार कर रही है। इस मौके पर मजदूरों के पीले व गुलाबी राशन कार्ड, 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने की भी मांग उठाई। धरने को सुखविंद्र सिंह, रामचंद्र सहनाल, तेजिंद्र सिंह रतिया, परमजीत लाली, जसप्रीत, शांति देवी सहित देहाती मजदूर सभा, खेत मजदूर यूनियन, शहीद भगत ङ्क्षसह नौजवान सभा सहित अनेक संगठनों के प्रतिनिधियों ने संबोधित किया। वही गरीब परिवारों ने अपनी मांगों को लेकर नायब तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार को एक ज्ञापन भी सौंपा और उन्हें प्लाट दिलाने की गुहार लगाई।