अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
उपायुक्त डॉ. हरदीप सिंह ने राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभाग के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे वर्ष 2017-18 के लिए जिला में भूमि के संशोधित कलेक्टर रेट के संबंध में शीघ्र अपनी रिपोर्ट को अंतिम रूप दें और आगामी 8 जनवरी तक हिसार मंडलायुक्त को भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस दिशा में नक्शों पर संशोधित दरों की सूची अंकित करें। डॉ. हरदीप सिंह ने कहा कि लंबित जमाबंदी व इंतकालों का निपटारा जल्द से जल्द करें। 12 जनवरी तक निर्धारित हो चुके कोर्ट केसों में रिकवरी के लिए प्रयास तेज करें। उन्होंने कहा कि रिकवरी के लिए गंभीर प्रयास न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बेहतरीन कार्य करने वाले नंबरदारों को आगामी 26 जनवरी पर आयोजित होने वाले समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उपस्थित राजस्व अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि वे जनता के कार्यो का प्राथमिकता के आधार पर निपटान करें। जिला राजस्व अधिकारी ने बैठक में अवगत करवाया कि खराब प्रदर्शन करने वाले 25 नंबरदारों को नोटिस दिए गए हैं। संतोषजनक उत्तर न देने वाले नंबरदारों को हटाने की कार्यवाही आरंभ की जाएगी। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. जेके आभीर, एसडीएम सरजीत नैन, डीआरओ बिजेन्द्र भारद्वाज, डीआईओ सिकंदर, सभी तहसीलों के तहसीलदार व नायब तहसीलदार सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।