कार चालक की टक्कर से थ्री-व्हीलर में सवार महिला समेत चार लोग घायल
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। शहर के हिसार रोड स्थित लघु सचिवालय के सामने सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार कार चालक ने थ्री-व्हीलर को टक्कर मार दी। हादसे में थ्री-व्हीलर में चालक समेत एक पुलिसकर्मी और एक महिला सहित कुल चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाकर कार्रवाई शुरू कर दी है। थ्री-व्हीलर चालक की हालत को गंभीर देखते हुए उसे अग्रोहा रेफर कर दिया गया है। जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव एमपी रोही निवासी राकेश कुमार अपने थ्री-व्हीलर में गांव धांगड़ से सवारियां लेकर फतेहाबाद की तरफ आ रहा था। इसी दौरान लघु सचिवालय के ठीक सामने पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कार चालक ने थ्री-व्हीलर को टक्कर मार दी। हादसे में जहां थ्री-व्हीलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया वहीं इसमें सवार चालक राकेश, पुलिसकर्मी पाली सिंह सहित कुल चार लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि चालक राकेश के अलावा किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई। थ्री-व्हीलर चालक का इलाज अग्रोहा मेडिकल में चल रहा है।
कोट्स
थ्री-व्हीलर चालक राकेश के बयान के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रिछपाल साहू, शहर थाना प्रभारी