फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जो अनुशासन तोड़ेगा, वो भुगतेगा चाहे वो परिवार का सदस्य ही क्यों ना हो : अभय

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

फतेहाबाद। हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला एवं इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला को पार्टी से निकाले जाने के अगले ही दिन फतेहाबाद में आयोजित इनेलो कार्यकर्ता सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने बिना नाम लिए उन पर जमकर निशाने साधे। अभय चौटाला ने कहा कि पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं को ये बात समझनी होगी कि इनेलो एक अनुशासित पार्टी है और इसमें अनुशासन तोड़ने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा, फिर चाहे वो परिवार के ही लोग क्यों न हों। अभय चौटाला स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ी भीड़ को देखकर नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला गदगद नजर आए। इससे पहले फतेहाबाद की सीमा में पहुंचने के बाद सैकड़ों बाइक सवारों ने काफिले के साथ अभय चौटाला को सम्मेलन स्थल तक पहुंचाया।
अभय चौटाला ने कहा कि उन्होंने पहली बार फतेहाबाद के कार्यकर्ताओं में ऐसा जोश देखा है, निश्चित तौर पर इनेलो कार्यकर्ता मौजूदा परिस्थितियों से खुश है और उसकी मेहनत से प्रदेश में इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार आएगी। गोहाना रैली में हुई हूटिंग के बारे में बात करते हुए अभय चौटाला ने रहस्योघाटन किया कि उन्हें इस बात का अंदेशा पहले से ही था और उन्होंने इस संदर्भ में पार्टी हाईकमान को काफी समय पहले आगाह भी किया था कि पार्टी के अंदर कांग्रेस-बीजेपी के पेड कार्यकर्ता घुस आए हैं और ऐसे लोगों से दूरी बनानी चाहिए। उन्होंने अपने पारिवारिक सदस्य रणजीत सिंह व पूर्व वित्त मंत्री संपत सिंह का उदाहरण भी कार्यकर्ताओं के सामने रखा। इतना ही नहीं, जब कार्यकर्ताओं ने नारे लगाने शुरू किए तो फिर से एक बार अभय चौटाला ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि उनके नारे मत लगाओ, नारे लगाने से ही तो दिमाग खराब होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि देवीलाल, बाबा साहेब आंबेडकर, ओमप्रकाश चौटाला व मायावती जिंदाबाद के ही नारे लगाएं।
विज्ञापन

बीजेपी से हर वर्ग दुखी : चौटाला
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बीजेपी से हर वर्ग दुखी है। एसवाईएल में हो रही देरी के लिए भी अभय चौटाला ने बीजेपी-कांग्रेस को ही जिम्मेदार ठहराया। इससे पूर्व इनेलो सांसद चरणजीत सिंह रोडी, जिलाध्यक्ष बलविंद्र कैरों, फतेहाबाद विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, रतिया विधायक रविंद्र बलियाला सहित अनेक इनेलो नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस मौके पर कर्ण कुनाल सिंह, इनेलो नेता पृथ्वी सिंह गिल्लाखेड़ा, हरि सिंह डांगरा, हरबंस खन्ना, सुमनलता सिवाच, राणा जोहल, सुदेश बलौदा, अजीत सिंह गिल्लाखेड़ा, विनोद बेनीवाल, प्रमोद बजाज, दलीप कथूरिया, मोलूराम रूल्हानियां, जिप सदस्य रामदास, भादर लाठर सहित अनेक इनेलो नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
----------------
बसपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने भी पढ़े अभय चौटाला की शान में कसीदे
इनेलो-बसपा कार्यकर्ता सम्मेलन में अभय चौटाला के साथ पहुंचे बसपा प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र प्रजापति ने भी अभय चौटाला की शान में कसीदे पढ़कर ये स्पष्ट कर दिया कि दुष्यंत-दिग्विजय को पार्टी से निकाले जाने के बाद इनेलो-बसपा गठबंधन पर इसका फर्क नहीं पड़ेगा।
विधायक व जिलाध्यक्ष की मेहनत लाई रंग
हालांकि तीन नवंबर का कार्यकर्ता सम्मेलन पहले ये प्रस्तावित था, लेकिन एकाएक शुक्रवार सांय दुष्यंत व दिग्विजय चौटाला को पार्टी से निकाले जाने के बाद इस कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर स्थानीय सरगर्मियां काफी बढ़ गई थी। पहले ये सम्मेलन जाट धर्मशाला में प्रस्तावित था, लेकिन दुष्यंत-दिग्विजय पर कार्रवाई के बाद इसे पंचायत भवन में कर दिया गया। साफ था कि अभय चौटाला समर्थक विधायक बलवान सिंह और बलविंद्र कैरों इसे एक हिट कार्यक्रम की तरह पेश करना चाहते थे और भीड़ जुटाकर वे अपने काम में एक बारगी तो सफल भी हुए ।
विज्ञापन

अजय चौटाला के समर्थकों ने बनाई कार्यकर्ता सम्मेलन से दूरी
दुष्यंत-दिग्विजय पर कार्रवाई के बाद से तय था कि अजय और दुष्यंत के समर्थक इस कार्यक्रम से दूरी बनाए रखेंगे। किसी टाइम में विधायक बलवान के दाएं-बाएं हाथ समझे जाने वाले विकास मेहता व पवन चुघ सहित पूरी यूथ ब्रिगेड पर सबकी नजर थी। विकास मेहता सहित युवा कार्यकारिणी पहले ही इस्तीफा दे चुकी है जबकि पवन चुघ, सुरेंद्र लेगा, कुलजीत कुलडिय़ा व पूर्व विधायक रणसिंह बैनीवाल नहीं पहुंचे। इसके अलावा शहर से भी कोई बड़ा चेहरा कार्यकर्ता सम्मेलन में नहीं पहुंचा।
इनेलो-बसपा कार्यकर्ता सम्मेलन की मुख्य झलकियां
1. पहली बार युवा कार्यकर्ताओं को महत्व दिया गया और युवा कार्यकर्ताओं से अभय चौटाला को स्मृतिचिहन दिलवाया गया।
2. बीएसपी कार्यकर्ताओं ने अभय चौटाला ने बीएसपी की पगड़ी पहनाई और फिर अभय ने उसे माथे से लगाकर सुरक्षाकर्मियों को सौंप दी।
3. पहली बार मंच से अभय ने कहा, ओमप्रकाश चौटाला व अजय सिंह के जेल जाने के बाद मैने पार्टी के लिए दिन-रात एक किया ।
4. पूरे भाषण के दौरान गोहाना की अनुशासनहीनता की घटना का कुल चार बार जिक्र किया ।
5. विधायक बलवान सिंह ने भाषण की बजाए सम्मेलन में पहुंचे पार्टी के पदाधिकारियों का नाम लेना ज्यादा जरूरी समझा ।
सरकार बनने पर ये वादे पूरा करने का किया ऐलान
1. बेरोजगारी भत्ता 15 हजार किया जाएगा।
2. गरीब की बेटी की शादी में बतौर कन्यादान 5 लाख का वादा।
3. किसानों का सभी प्रकार का कर्जा पूरी तरह माफ किया जाएगा।
4. बिजली के दाम आधे एवं ट्यूबवेल का बिल पूरी तरह माफ करेंगे।
5. सभी प्रकार की पेंशन एकमुश्त तीन हजार प्रति माह की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें