राष्ट्रपति दौरे के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर डीसी ने ली अधिकारियों की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के 15 जुलाई के आगमन को लेकर उपायुक्त डॉ हरदीप सिंह ने सोमवार को लघु सचिवालय स्थित बैठक कक्ष में जिले के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में कानून व्यवस्था के साथ ही अन्य तैयारियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि 15 जुलाई को संत शिरोमणि सतगुरु कबीर साहेब का 620वां प्रकट दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बतौर मुख्य अतिथि पहुंचेंगे। राष्ट्रपति का कार्यक्रम सिरसा रोड स्थित नई अनाज मंडी में होगा। प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए 7 ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए है।
उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम के लिए अतिरिक्त उपायुक्त डॉ जेके आभीर को ओवरऑल इंचार्ज व एसडीएम फतेहाबाद सतबीर जांगु को लाजिस्टिक इंचार्ज बनाया गया है। फतेहाबाद के नगराधीश देवीलाल सिहाग को अन्य तैयारियों के लिए अधिकृत किया गया। उपायुक्त ने फायरब्रिगेड और जनस्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि वे हैलीपेड और सभा स्थल दोनों स्थानों के लिए अपनी सभी तैयारियां व आवश्यक प्रबंध पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी विभाग हैलीपेड के निर्माण, सभा स्थल पर बेरीकेडिंग सहित अगर बरसाती पानी जमा हो तो उसके निकासी के लिए पम्प सेट लगाना भी सुनिश्चित कर लें, इस कार्य में सिंचाई विभाग व जनस्वास्थ्य विभाग भी पूर्ण रूप से सहयोग करेंगे। सभा स्थल पर स्टेज के साथ-साथ पंडाल में भी सीसीटीवी कैमरें लगाए जाएंगे, इसके लिए डीआईओ व पुलिस विभाग आपसी तालमेल करके पुख्ता प्रबंध करें।
सभा स्थल पर बनने वाले मीडिया सेंटर और मीडिया गैलरी के लिए उन्होंने डीआईओ व डीआईपीआरओ को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि मीडिया सेंटर में बीएसएनएल भी पूर्ण सहयोग करे। बिजली व्यवस्था के बारे में अधीक्षण अभियंता राजेन्द्र सबरवाल को निर्बाध बिजली आपूर्ति सप्लाई करने के साथ ही सभा स्थल व शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।
यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए उपायुक्त ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को उपायुक्त ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल के पास व हैलीपेड स्थल पर एंबुलेंस व डाक्टरों की टीम का प्रबंध करे। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ जेके आभीर, एसडीएम सतबीर जांगु, देवीलाल सिहाग, डीएसपी जगदीश काजला, डीआरओर बिजेन्द्र भारद्वाज, अधीक्षण अभियंता ओपी बिश्रोई, राजेन्द्र सबरवाल, डीडीपीओ अनुभव मेहता, सीएमओ डॉ मनीष बंसल, कार्यकारी अभियंता जगबीर सिंह, हेमंत मित्तल, होशियार सिंह, डीईओ दयानंद सिहाग, ईओ अमन ढांडा, बीडीपीओ सोमबीर कादियान, डीआईओ सिंकदर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण मौजूद थे।