जस्टिस हरीपाल वर्मा ने किया टोहाना न्यायिक परिसर का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
पंजाब एंड हरियाणा उच्च न्यायालय के जस्टिस हरीपाल वर्मा ने शनिवार को स्थानीय न्यायिक परिसर में कोर्टों का निरीक्षण किया और विभिन्न विषयों को लेकर न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारियों से विचार विमर्श किया। उन्होंने न्यायिक परिसर में स्थापित किए गए पब्लिक एड्रेस सिस्टम के संचालन कार्य का भी निरीक्षण किया। जस्टिस वर्मा ने बार रूम, न्यायिक परिसर में सफाई, लोगों के बैठने की व्यवस्था, अधिवक्ताओं के बैठने के स्थान आदि का भी निरीक्षण किया। इसके उपरांत बार एसोसिएशन टोहाना की ओर से जस्टिस हरीपाल वर्मा का स्वागत किया गया। बार एसोसिएशन के प्रधान जगदेव ग्रोवर ने जस्टिस वर्मा के समक्ष बार एसोसिएशन की ओर से एक मांग पत्र भी रखा। इस पर उन्होंने बार एसोसिएशन की सभी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर एसजेएम विनय शर्मा, जेएमआईसी सुमित कालोन, जेएमआईसी आजाद सिंह, उपमंडलाधीश सरजीत नैन, डीएसपी जोगेन्द्र शर्मा, एडवोकेट महादेव शर्मा, विरेन्द्र रंगा, नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार सहित वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद थे।