मारपीट मामले में कार्रवाई न होने पर भड़के बिजली कर्मचारी, नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
गांव चंदड के 33 केवी बिजलीघर में कर्मी एसए रणदीप से मारपीट मामले में पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट बिजली कर्मियों ने चंडीगढ़ रोड स्थित 33 केवी बिजलीघर में बैठक की। यह बैठक ज्वॉइंट एक्शन कमेटी के तहत की गई। आल हरियाणा पावर कॉर्पोेरेशन के प्रधान और एचएसईबी के प्रधान ने बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान कर्मियों ने नारेबाजी भी की। अंत में कर्मियों ने एसडीएम, डीएसपी और बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता के नाम ज्ञापन देकर कार्रवाई न होने पर धरने की चेतावनी भी दी।
एसडीएम को दिए ज्ञापन में कर्मियों ने कहा कि 19 अगस्त को गांव के सरपंच सिमरनजीत सिंह, पालाराम, बिट्टा ने एक कर्मी से मारपीट की थी। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इस मामले में उन्होंने 19 अगस्त को शिकायत दी थी। इसके बाद भी पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि उन्हें डर है कि आरोपी दोबारा कोई अप्रिय घटना को अंजाम न दे दें। इस बारे में यूनियन नेता नरेश कुमार ने बताया कि चंदड़ में ड्यूटि पर कार्यरत बिजली कर्मी के साथ मारपीट की गई थी। इस मामले में पुलिस को शिकायत दिए एक माह हो चुका है, पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे कर्मियो में रोष है। जांच अधिकारी कर्म सिंह ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई जारी है।