अस्पताल में स्टाफ नर्सों से दुर्व्यवहार, दिया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
नागरिक अस्पताल में वीरवार रात को ड्यूटी पर तैनात दो स्टाफ नर्सों से एक युवक व उसके पिता द्वारा किए गए दुर्व्यवहार से अस्पताल स्टाफ में रोष है। शुक्रवार को स्टाफ ने अस्पताल प्रांगण में धरना देकर नारेबाजी व आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
स्टाफ नर्स कमलजीत कौर, सुरेन्द्र कौर व अन्य स्टाफ सदस्यों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि वीरवार दोपहर 2 से लेकर रात 8 बजे तक स्टाफ नर्स कमलजीत कौर व सुरेन्द्र कौर की ड्यूटी थी। ड्यूटी में दोनों नर्सें अन्य स्टाफ अस्पताल में उपचाराधीन गंभीर रूप से बीमार दो महिलाओं का उपचार कर रही थी कि इतने में एक युवक अपने साथ अपनी एक रिश्तेदार महिला को लेकर आया। वह महिला गर्भवती थी। युवक के उसका उपचार शुरू करने के लिए स्टाफ नर्स से कहा तो स्टाफ नर्सों ने कहा कि मौके पर जो डॉक्टर ड्यूटी पर है उनसे लिखवा लो उसी आधार पर हम उसका उपचार शुरू कर देंगे। स्टाफ नर्सों कमलजीत कौर का कहना है कि इतने वह युवक उनके साथ दुर्व्यवहार करने लगा। जानकारी जब अस्पताल के अन्य स्टाफ तक पहुंची तो उनमें रोष फैल गया। शुक्रवार को अस्पताल स्टाफ ने धरना दे दिया व आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
एएसआई महेन्द्र सिंह ने कहा कि मामले की शिकायत मिली है और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई होगी।
18 अस्पताल में नारेबाजी करती स्टाफ नर्स