अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
शहर एक बार फिर अपराधियों की वारदात का शिकार हो गया। पिछले कई दिनों से स्नैचिंग और लूटपाट की घटनाओं के बाद शनिवार को तीन अज्ञात युवक दुकानदार से दस हजार रुपये की ठगी करके फरार हो गए। मामले की सूचना मिलते ही एसएचओ विक्रमजीत मौके पर पहुंचे और दुकानदार से बात करके जांच शुरू कर दी। उन्होंने इस मौके पर दुकान की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली, जिसमें दोनों युवकों के चेहरे दिख रहे हैं। मेन बाजार स्थित सेवक जनरल स्टोर्स के मालिक अतुल बजाज ने बताया कि शनिवार शाम को वह अपनी दुकान पर बैठा हुआ था कि इसी दौरान पर आए युवकों ने उससे तीस हजार रुपये के बड़े नोट मांगे। जब उसने तीस हजार के नोट देकर युवकों द्वारा पकड़ाए गए छोटे नोट गिने तो वह बीस हजार थे । जब उसने दोनों युवकों से 10 हजार रुपये और मांगे तो वह दुकान से बाहर भाग गए और बाहर एक कार में उनका तीसरा साथी भी बैठा हुआ था और उसने कार स्टार्ट की हुई थी। उसके देखते ही देखते दोनों युवक पैसे लेकर कार में बैठ गए और तीनों कार को भगा कर ले गए। दुकानदार अतुल ने काफी शोर भी मचाया लेकिन ठगी मारने वाले युवक काबू नहीं आए। उसके बाद दुकानदार ने इसकी सुचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष विक्रमजीत सिंह का कहना है की आरोपियों को शीघ्र ही काबू कर लिया जाएगा।
रतिया में फिर वारदात, दुकानदार से 10 हजार की ठगी करके भागे तीन युवक
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, एसएचओ ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
24एफटीबीपी22 : रतिया में ठगी की घटना के बाद दुकानदार से पूछताछ करती पुलिस।
24एफटीबीपी23 : रतिया में दुकानदार से ठगी मामले में सीसीटीवी में कैद आरोपी युवक।