अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
मॉडल टाऊन में स्थित पिज्जा हॉट रेस्टोरेंट में 4 युवकों द्वारा 2 युवकों पर तेज धारदार हथियार व कुर्सियों से हमला कर घायल करने का मामला प्रकाश में आया है। शनिवार को सुबह 9 बजे के लगभग घटना पिज्जा शॉप के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घायलों को नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में दाखिल करवाया गया। उपचाराधीन प्रदीप व गुरप्रीत ने बताया कि वे पपीहा पार्क के सामने स्थित कॉम्पलेक्स में बनी पिज्जा हॉट रेस्टोरेंट में काम करते है। उन्होंने बताया कि उनके साथ ही सूरज नाम का एक युवक भी काम करता है, शनिवार सुबह उसका फोन आया कि उसे बस स्टैंड से ले जाओ, 4 युवक उसका पीछा कर रहे हैं और मुझे मारने की धमकी दे रहे हैं। प्रदीप ने बताया कि इसके बाद वे दोनों बस स्टैंड पर जाकर सूरज को बाइक पर बिठाकर ले आए, लेकिन अचानक पीछे से वे चारों युवक पिज्जा हॉट में आ गए और सूरज पर हमला कर दिया। लेकिन इस झगड़े को देखकर आस पड़ोस के दुकानदारों ने सूरज को बचा लिया, लेकिन चारों युवकों ने हम दोनों पर तेजदार हथियार व कुर्सियों से हमला कर दिया। हमला करने के बाद चारों युवक फरार हो गए। इसकी सूचना तुरंत पिज्जा हॉट के मालिक मोनू कंबोज को दी गई। मोनू ने घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सीसीटीवी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पिज्जा हॉट में कर्मचारियों पर तेजधार हथियारों से हमला, कारनामा सीसीटीवी में कैद
17एफटीबीपी11 : सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन पिज्जा हॉट रेस्टोरंट कर्मचारी।