संवाद न्यूज एजेंसी
टोहाना। टोहाना ब्लॉक में पटवारी के 13 पद खाली पड़े हैं जिससे आमजन के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। पटवारी को किसी न किसी सर्कल के कार्य से कोर्ट में जाना पड़ता है। जिसके चलते आमजनों ने सरकार व प्रशासन से समस्या का हल करने की मांग की है।
टोहाना ब्लॉक में पटवारियों की कमी की समस्या गंभीर रूप धारण करती जा रही है। इसके चलते एक पटवारी के पास पांच सर्कल का ओवरलोड कार्य होने से आमजन को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ये है पटवारियों की स्थिति : टोहाना ब्लॉक में सरकार द्वारा पटवारियों के 22 पद स्वीकृत किए हुए हैं लेकिन 9 पटवारी ही कार्यरत हैं। इस कारण एक-एक पटवारी को 4 से 5 हलके का चार्ज दिया गया है। पटवारी प्रीतपाल के पास टोहाना वन, टोहाना टू, सनियाना वन, सनियाना टू व कन्हडी का चार्ज दिया गया है। अतिरिक्त कार्य के चलते उसे कब्जा कार्रवाई करवाने, गिरदावरी कराने, नोटिस तामील करवाने व कोर्ट में हाजिर होने के चलते जाना पड़ता है जिससे लोग परेशान रहते हैं।
पटवारी के पद खाली होने के चलते आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ता है इसलिए वे सरकार व प्रशासन से मामले में संज्ञान लेने की मांग करते हैं ताकि रिक्त पदों को भरा जा सके।
-दीपक, शहरवासी
एक-एक पटवारी के पास 4 से 5 हलकों का चार्ज दिया गया है जिससे लोगों को काम प्रभावित हो रहे हैं। जिला प्रशासन को टोहाना में पटवारियों की ड्यूटी लगानी चाहिए ताकि लोगों के इंतकाल, जमाबंदी जैसे काम न रुके।
-मोनू, अधिवक्ता।
मेरे पास टोहाना में पांच हलकों का चार्ज दिया गया है इसलिए लोगों के हर संभव कार्य करने का प्रयास करता हूं लेकिन फिर भी कोर्ट में तारीख पर जाना सहित कई कार्य करने पड़ते है।
-प्रीतपाल, पटवारी टोहाना।