फतेहाबाद। खरीद कार्यों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही से शनिवार अलसुबह जिले में करीब 13 लाख क्विंटल गेहूं भीग गया। खरीद केंद्रों पर तो शेड की कोई सुविधा ही नहीं है जबकि अनाज मंडी में भी खुले में गेहूं की ढेरियां और बोरियां लगी हुई थी। उठान बेहद धीमा होने के कारण शेड भी भरे हुए हैं। दिनभर किसान व आढ़ती गीली गेहूं की फसल को सुखाने में लगे रहे।
दरअसल, जिले में धीमे उठान के चलते शुक्रवार रात तक मंडियों व खरीद केंद्रों में रखा करीब 1296090 गेहूं बारिश से भीग गया। मंडियों में रखी गेहूं में से केवल 15 प्रतिशत ही शेडों के नीचे हैं, बाकी खुले आसमान के नीचे रखी हुई है। जिले में अभी तक 2245810 क्विंटल गेहूं की खरीद की चुकी हैं। मगर इसमें उठान मात्र 353780 क्विंटल का हुआ है। इसके बाद भुगतान भी मात्र 83.75 करोड़ रुपये का हो सका है। उठान धीमा होने के कारण मंडियों अव्यवस्था की भेंट चढ़ चुकी हैं। आढ़तियों को मंडियों के बाहर गेहूं की फसल को रखकर तुलवाई करवानी पड़ रही है। शनिवार अलसुबह गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई। इससे पहले शुक्रवार को बादलवाही बनी हुई थी। भट्टू कलां में 8 एमएम जबकि फतेहाबाद शहर में 3 एमएम बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा रतिया व कुलां में बूंदाबांदी हुई है।
ठेकेदारों के हाथ खड़े हुए, तो आढ़तियों से ही मांगे वाहन
उठान कार्य का टेंडर लेने वाले ठेकेदारों के उठान में तेजी लाने के लिए वाहनों की व्यवस्था करने में हाथ खड़े हो गए हैं। ऐसे में प्रशासन ने आढ़तियों से ही वाहनों की मांग करनी शुरू कर दी है। डीसी राहुल नरवाल के निर्देश पर जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक विनीत कुमार ने व्यापार मंडल व आढ़तियों से कहा है कि जो भी कोई मंडियों से गेहूं उठान कार्य करने के इच्छुक हैं, वे संबंधित एजेंसियों से संपर्क करके अपने ट्रक उपलब्ध करवा सकते हैं ताकि उठान कार्य में तेजी लाई जा सके। उठान कार्य की अदायगी उस मंडी के जिला टेंडर कमेटी द्वारा निर्धारित किए गए रेट अनुसार संबंधित एजेंसी द्वारा तत्काल कर दी जाएगी।
एक दिन में करीब 100 गाड़ियां लोड हुई
लगातार एक सप्ताह से भी अधिक समय से उठान को लेकर हो रही किरकिरी के बाद आढ़तियों के सहयोग से प्रशासन ने शनिवार को उठान कार्य में जोर लगाया। फतेहाबाद अनाज मंडी से ही शनिवार को एक ही दिन में करीब 100 गाड़ियां लोड करवाई गई। प्रशासनिक अधिकारियों का दावा है कि अब प्राइवेट वाहनों की अनुमति मिलने के बाद उठान कार्य में और तेजी आएगी। हालांकि, फिलहाल अनाज मंडी पूरी तरह से गेहूं से भरी होने के बाद गेट के बाहर गेहूं की ढेरियां पहुंच गई हैं।
गाड़ियों की संख्या बढ़ाई है : मेहता
उठान में तेजी लाने के लिए गाड़ियों की संख्या बढ़ाई गई है। शनिवार को फतेहाबाद अनाज मंडी से करीब 100 गाड़ियां लोड करवाई गई हैं। उठान के लिए प्राइवेट वाहनों को भी अनुमति दी गई है ताकि मंडियों में गेहूं की ढेरियां रखने में परेशानी न हों। बारिश के बाद निकली तेज धूप से भीगी गेहूं सूखने में ज्यादा देर नहीं लगी है।
-यशपाल मेहता, सचिव, मार्केट कमेटी फतेहाबाद
ठेकेदारों के पास न गाड़ियां, न लेबर : भादू
उठान के लिए ठेकेदारों के पास तो न गाड़ियां है और न ही गाड़ी खाली करने के लिए लेबर है। ठेकेदार एक-एक करके गोदामों में गेहूं लगवा रहे हैं जबकि उठान जल्दी करने के लिए एक साथ ही सभी गोदामों को खोलना चाहिए ताकि एक साथ कई गाड़ियां खाली हो सकें। ठेकेदारों के पास गोदामों की संख्या भी कम है।
-जगदीश भादू, प्रधान, अनाज मंडी व्यापार मंडल
इच्छुक आढ़ती उपलब्ध करवाएं ट्रक : जैन
किसानों को उनकी फसल की अदायगी सरकार द्वारा निर्धारित समय में करवाई जाएगी। इस बार गेहूं की बंपर पैदावार होने की संभावना है। अगर मंडियों से गेहूं की फसल का उठान जल्द होगा तो मंडियों में जाम लगने की संभावना नहीं होगी। इसलिए आढ़तियों व व्यापार मंडल को भी ट्रक उपलब्ध करवाने के लिए कहा गया है।
-विनीत जैन, डीएफएससी, फतेहाबाद