अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। जन्माष्टमी पर्व सोमवार को जिलाभर में धूमधाम से मनाया गया। सोमवार अलसुबह ही मंदिरों में नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की व हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल के जयकारे गूंजने लगे। दोपहर तक सभी स्कूलों व मंदिरों में नन्हें बच्चे कान्हा के रूप में सज धजकर झूलों पर बैठे नजर आए। संध्या बाद से ही मंदिर सज धज कर तैयार हो गए। मंदिरों में देवी देवताओं की सुंदर झांकियां तैयार की गई। मंदिरों में लाइटिंग विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी।
फतेहाबाद के श्री श्याम मंदिर, श्री रघुनाथ मंदिर, श्री दुर्गा मंदिर, अनाजमंडी स्थित शिवालय मंदिर, श्री हनुमान मंदिर, माडल टाऊन स्थित श्री गीता मंदिर, अशोक नगर स्थित श्री देवी मंदिर, शिव चौक स्थित श्री कृष्ण मंदिर में श्रद्धालु पूजा अर्चना करते नजर आए। रात को श्रद्धालु शहर के एक मंदिर से दूसरे मंदिर पैदल भीड़कर के रूप में कान्हा के दर्शनों के लिए उमड़ पड़े। मंदिरों के बाहर खाने पीने की स्टालों के अलावा बच्चों के खिलौने की स्टालें लगी हुई थी। किसी भी असामाजिक तत्व से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने कर्मचारियों के व्यापक प्रबंध किए हुए थे। सभी मंदिरों में सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे। पुलिस पीसीआर देर रात तक मंदिरों के बाहर घुमती रही। इसके अलावा स्नेचिंग व छेड़छाड़ से निपटने के लिए दुर्गा शक्ति की टीम भी मंदिरों के आसपास गश्त करती रही। श्री श्याम मंदिर के पुजारी राजेश शर्मा ने बताया कि सोमवार को विशेष उत्सव मनाया गया। मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा खीर तैयार की गई व कान्हा के जन्मोत्सव पर केक काटा गया। दुर्गा मंदिर में बाहर से आए कलाकारों ने देवी देवताओं पर आधारित झांकियों का अनोखा चित्रण किया। फतेहाबाद में दुर्गा मंदिर में फतेहाबाद के मूल निवासी व मुंबई में कलाकार अमन रति ने राधाकृष्ण की झूला झुलते की जीवंत कलाकृति बनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। रतिया के रघुनाथ मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इसके अलावा अन्य मंदिरों में भी भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं का चित्रण किया गया। इसी प्रकार टोहाना में भी मंदिरों में जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया।