डीसी को सौंपा सहायता राशि का चैक
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। पीड़ित एवं मुसीबत में फंसे लोगों की मदद करना पुण्य का कार्य है। मानवता के नाते भी एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए। यह बात उपायुक्त डॉ. जेके आभीर ने उपायुक्त कार्यालय में मेडिकल एसोसिएशन द्वारा केरल बाढ़ पीड़ितों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा राहत कोष में दान राशि देने उपरांत उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों से कही। इस मौके पर उपायुक्त ने आईएमए व एमएमटी का धन्यवाद भी किया। आईएमए ने 1 लाख 67 हजार 200 रुपये राशि के चैक उपायुक्त को सौंपे।
उपायुक्त डॉ. जेके आभीर ने कर्मचारियों, अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक-धार्मिक संगठनों सहित अन्य कर्मचारी संगठनों, व्यापारियों और जिले के सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे केरल बाढ़ पीड़ितों के सहायतार्थ सहयोग करे, जिला प्रशासन व जिला रैडक्रास सोसायटी द्वारा दान देने के इच्छुक दानी सज्जन अधिक से अधिक दान देने के लिए पुराना बस अड्डा के समीप पंचायत भवन में कलेक्शन सेंटर स्थापित किया गया है, जिसमें दान कर सकते हैं।