जीएम के खिलाफ 23 को चक्का जाम करेंगे रोडवेज कर्मी
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन सम्बंधित सर्व कर्मचारी संघ की बैठक फतेहाबाद डिपो कार्यालय में प्रधान सूरजभान चोपड़ा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में रोडवेज कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई और फतेहाबाद रोडवेज महाप्रबंधक के अड़ियल रवैये पर रोष जताया गया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि जीएम द्वारा भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। विरोध करने पर यूनियन पदाधिकारियों की बदले की भावना से ड्यूटियां बदली जा रही हैं। चोपड़ा ने कहा कि कर्मचारियों के लगातार किए जा रहे उत्पीड़न व जीएम की बदले की भावना से कार्रवाई करने के विरोध में रोडवेज कर्मचारी 23 मई को दो घंटे के लिए रोडवेज का चक्का जाम कर अपना रोष जताएंगे। डिपो कमेटी व राज्य कमेटी ने 3 मई को दो घंटे डिपो बंद करने का निर्णय लिया था जिस दौरान जीएम ने राज्य कमेटी से एक सप्ताह का समय मांगा था लेकिन आज दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी जीएम ने कोई कार्रवाई न करते हुए उल्टा यूनियन पदाधिकारियों के तबादले करके अनावश्यक दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है जिससे रोडवेज कर्मचारियों में भारी रोष है। मीटिंग में राज्य कमेटी सदस्य शिवकुमार श्योराण, सब डिपो प्रधान चन्द्रभान खटक, डिपो सचिव रामदिया, सब डिपो सचिव सतबीर सिंह, बलजीत सिंह, कंवरपाल, अशोक कुमार, रमेश कुमार, असमत खान, तेजभान, महेन्द्र सिंह, तेलूराम, शमशेर सिंह, अशोक कुमार सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।