अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
गांव बलियाला में एक पेंटर ने बुधवार देर रात मानसिक तौर पर परेशानी के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना जैसे ही परिजनों को लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर उसका फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। बताया गया है कि पेंटर लेन देन को लेकर काफी परेशान रहता था, इसलिए उसने यह कदम उठा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलियाला निवासी 32 वर्षीय बूटा सिंह मजदूरी व पेंटर का कार्य करता था और वह पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहा था। बताया गया है कि बुधवार रात्रि बूटा सिंह ने खेत में ट्रांसफार्मर के पोल से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। ग्रामीणों ने इसकी सूचना बूटा सिंह के परिजनों को दी जिसके बाद मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। मृतक शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी हैं। जिनमें एक लड़का व लड़की है। पुलिस ने मृतक के चाचा जगतार सिंह के बयानों पर धारा 174 के तहत कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी बलविंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों ने बताया है कि बूटा सिंह लेन देन से परेशान चल रहा था। इसी के चलते उसने यह कदम उठाया है।