अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
अतिक्रमण हटाने गई नगर परिषद की एक टीम के साथ थाना रोड के व्यापारियों की ओर से हाथापाई करने एवं सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। नगर परिषद की अतिक्रमण हटाओ टीम का नेतृत्व कर रहे जेई सुमित चोपड़ा ने इस संदर्भ में शहर थाना में एक नामजद व्यापारी व 15-20 अन्य व्यापारियों के खिलाफ बाकायदा औपचारिक शिकायत भी दी है। घटना वीरवार शाम की है।
जेई सुमित चोपड़ा ने बताया कि सीएम विंडो में आई एक शिकायत के चलते वीरवार शाम नगर परिषद प्रशासन की ओर से उन्हें एक टीम का गठन करके शहर के मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया गया था। जेई सुमित चोपड़ा ने बताया कि नप प्रशासन के आदेशों के बाद सेनेटरी इंस्पेक्टर शिव कुमार की अगुवाई में उन्होंने नप की टीम को साथ लेकर शहर के मुख्य बाजार में दुकानों के आगे रखे सामान को जब्त करके साथ चल रही ट्राली में रखवाने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान एक गोयल बर्तन भंडार के संचालक व उनके एक जसाथी ने इस दौरान उनके काम में बाधा पहुंचाई और उनको अतिक्रमण हटाने के काम से रोकने का प्रयास किया। जेई सुमित चोपड़ा व शिव कुमार ने ये भी आरोप लगाया कि उक्त लोगों ने उनके व उनकी टीम के सदस्यों के साथ पिटाई भी की। बाद में नगर परिषद के अन्य कर्मचारियों ने दोनों को उक्त व्यापारियों के कब्जे से छुड़ाया।
काबिले गौर बात ये है कि सीएम विंडो में अतिक्रमण के खिलाफ जो शिकायत दी गई है वो भी मेन बाजार के व्यापार मंडल द्वारा डाली गई थी जिसके निवारण के लिए नगर परिषद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए थे। इस शिकायत पर बकायदा व्यापार मंडल अध्यक्ष डा. आत्मप्रकाश व अन्य थाना रोड़ व्यापारियों के हस्ताक्षर भी हैं। लेकिन जब नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो उनके साथ ही कथित तौर पर मारपिटाई कर दी गई। इस बारे में बात करने पर सिटी थाने के सब इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र ने बताया कि नगर परिषद अधिकारियों की ओर से मारपिटाई करने व सरकारी डयूटी में बाधा पहुंचाने की शिकायत आई है। इस शिकयत की जांच करेंगे और उसी अनुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।