अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) हरियाणा के अंतर्गत शहर को खुले में शौच मुक्त करने की कार्य योजना की समीक्षा के लिए उपमंडलाधीश सरजीत नैन की अध्यक्षता में अधिकारियों व कर्मचारियों की बैैठक हुई। बैठक में अधिकारियों, आंगनबाड़ी वर्करों सहित विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शहर को आगामी 15 अगस्त से पहले-पहले खुले में शौच मुक्त घोषित करवाने के लिए कार्य करें। उन्होंने शहरवासियों से भी आग्रह किया कि वे स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शहर को खुले में शौच मुक्त घोषित करवाने में अपना अपेक्षित सहयोग दें।
एसडीएम ने कहा कि सभी वार्डों में निगरानी कमेटियों का गठन किया जाए तथा इन निगरानी कमेटियों द्वारा सुबह 5 बजे से 7 बजे तक शाम 7 बजे से 8 बजे तक पहरा दिया जाए तथा ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाए। जो लोग बाहर खुले में शौच के लिए जाते हैं उनके नाम व पता नोट किए जाए। लोगों की इस मानसिकता को बदला होगा और उन्हें खुले में शौच न जाने बारे जागरूक करना होगा। इस कार्य के मूल्यांकन के लिए सभी नगर पार्षदों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों तथा विद्यार्थियों से खुले में शौच मुक्त का प्रमाण पत्र लिया जाए तथा शहर के स्तर पर नगर परिषद, नगरपालिका द्वारा खुले में शौच मुक्त का प्रस्ताव पारित किया जाए।
खुले में शौच की ड्रोन से होगी निगरानी