झुग्गियों में लगी आग से उठती लपटे। संवाद
टोहाना। रेलवे पुल के नीचे स्थित बाबा बूटा बस्ती में शुक्रवार दोपहर बिजली की तार में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते 12 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया जिससे उनमें रखा घरेलू सामान, नकदी और जरूरी दस्तावेज पूरी तरह जल गए।
घटना के समय बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। लोग बच्चों को गोद में उठाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों ने दमकल टीम के देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई।
लोगों का कहना है कि बस्ती के पास बिजली निगम का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है और उसी से जुड़ी तारों में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़की। यदि समय पर कार्रवाई होती तो नुकसान कम किया जा सकता था। सूचना पर चंडीगढ़ रोड चौकी पुलिस और डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रत्यक्षदर्शी संतोष ने बताया कि बस्ती में दूसरे राज्यों से आए लगभग 12 परिवार रहते हैं, जो अनाज मंडी में मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं। आग लगने से झुग्गियों में रखे बेड, पंखे, कूलर, बर्तन और कपड़े सहित सारा सामान नष्ट हो गया। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और पुनर्वास की मांग की है।