अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
गांव हुकमावाली के गुरुद्वारा में पाठ करने पहुंचे छात्र पर ग्रंथी द्वारा कृपाणों से हमला कर घायल किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। गंभीर रूप से घायल छात्र गुरविन्द्र सिंह को उपचार के लिए रतिया के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने छात्र के बयानों के आधार पर गुरुद्वारा के ग्रंथी भाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
छात्र ने पुलिस के समक्ष बयान देते हुए बताया कि वह पंजाब यूनिवर्सिटी में गुरमुख संगीत का छात्र है और वह पिछले कई दिनों से यूनिवर्सिटी में छुट्टियां होने के कारण अपने गांव में आया हुआ है। छात्र ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से निरंतर सहज पाठ करता आ रहा है और वह पिछले कई दिनों से गांव के गुरुद्वारे में भी पाठ करने के लिए जाता है। आरोप लगाया कि गत सुबह जब वह गांव के गुरुद्वारे में सहज पाठ करने के लिए गया तो उससे पहले ही गुरुद्वारे का ग्रंथी पाठ कर रहा था, जिसको देखकर वह पीछे ही बैठ गया। घायल ने बताया कि उसके पाठ करने के पश्चात जब उसने स्वयं पाठ करने की बात कही तो ग्रंथी उसके साथ गाली-गलौच पर उतर आया और बाद में कृपाण से हमला कर उसकी बाजू को गंभीर चोटें पहुंचा दी। आरोप लगाया कि गुरुद्वारे में खड़े अन्य लोगों ने ही बीच-बचाव किया था अन्यथा कृपाण से जानी नुकसान भी पहुंचा सकता था। इस दौरान ग्रंथी ने उसे जान से मारने की भी धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।