अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। त्योहारी सीजन में बाजार में बिकने वाली नकली व मिलावटी मिठाइयों पर रोक लगाने के लिए इस बार स्वास्थ्य विभाग पिछले कई दिनों से छापेमारी कर रहा है। इस सीजन में अब तक कुल 127 जगह पर चेकिंग कर सैंपल भरे जा चुके हैं। इसी के चलते स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इंस्पेक्टर सुरेंद्र पूनियां ने मंगलवार को तीन दुकानों पर छापेमारी की और सैंपल भरे।
सुरेंद्र पूनियां ने बताया कि मंगलवार को शहर के बीकानेर वाला मिष्ठान भंडार से डोडा बर्फी तथा माजरा रोड से दो दुकानों से मावे के सैंपल भरे गए है। इतना ही नही उन्होंने बताया कि बाजार के सभी मिष्ठान भंडारों से रंगीन मिठाइयों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि नए आदेशों के बाद अब दुकानदार खुली व रंगीन मिठाइयां नही बेच सकते। अब केवल चीनी व दूध से बनी साधारण मिठाइयां ही बाजार में बिक पाएंगी।