हर्षोल्लास से मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस का पर्व : डीसी
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। उपायुक्त डॉ. हरदीप सिंह ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। फतेहाबाद की पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी राज्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समारोह के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिए कि स्वतंत्रता के पर्व को पूरी गरिमा व भव्यता से मनाने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल स्थापित करते हुए सभी जरूरी प्रबंध सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने कहा कि मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन जिला शिक्षा अधिकारी व जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी द्वारा किया जाएगा। उन्होंने एसडीएम व सीटीएम से भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लेने को कहा। डॉ. हरदीप सिंह ने कहा कि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अंतिम रिहर्सल 13 अगस्त को पुलिस लाइन मैदान में तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।