अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। कबीर महांकुभ के आयोजन को पूरे देश में दिखाने के लिये लाइव प्रोग्राम चलाया हुआ था। आयोजन को सुरक्षा और पूरे देश में लाइव दिखाने के लिये एनआईसी ने 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। सभी कैमरे एचडी क्वालिटी के थे, जिसकी रिकार्डिंग भी की जा रही थी। पंडाल के बाहर बनाए गए एनआईसी के कंट्रोल से इस पूरे समारोह का लाइव टेलीकास्ट किया जा रहा था। राष्ट्रपति के भाषण को ज्यादा से ज्यादा लोग सुन सके इसके लिये सोशल मीडिया का भी सहारा लिया गया।
आयोजन स्थल पर पहुंच रहे लोगों को जब यह पता लगा कि पंडाल के अंदर भीड़ ज्यादा है और वह राष्ट्रपति को नहीं देख पाएंगे। तो बाहर ही खड़े हो गए, लेकिन जैसे ही उनको इस बात की जानकारी मिली कि कार्यक्रम को इंटरनेट के जरिये लाइव भी देखा जा सकता है तो वह सभी लोग एनआईसी के कंट्रोल की तरफ भागे। सभी को लाइव देखने के लिये वेबसाइट बता दिया गया। कार्यक्रम को देखने में किसी भी तरह की परेशानी न हो इसके लिये लोगों के व्हाट्सएप पर वेबसाइट के लिंक भी भेजे गए थे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे लोगों ने कार्यक्रम को लाइव देखने की व्यवस्था को सराहा भी।
झलकियां
1. सांसद राजकुमार सैनी कार्यक्रम में पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें नई अतिरिक्त अनाज के गेट पर ही रोकने का प्रयास किया। लेकिन सांसद ने कहा कि वह कार्यक्रम में आम आदमी की हैसियत से आए हैं और आम लोगों के बीच में ही बैठेेंगे।
2. कार्यक्रम में आमजन के प्रवेश के लिये बनाए गए गेट पर लोगों की तलाशी के दौरान मिले बीड़ी, पान-मसाला और पानी की बोतल बाहर ही रखवा ली गई।
3. पंडाल से बाहर निकलने पर कुछ लोगों ने दो से चार बीड़ी के बंडल भी लेते नजर आएं।
4. अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की चेयरमैन सुनीता दुग्गल भी आम लोगों के बीच बैठीं।
5. वीआईपी गेट से भी लोगों ने अंदर आने का किया प्रयास, पुलिस किसी न सुनी।
6. पंडाल में भीड़ कम होने के कारण राष्ट्रपति को मंच के पीछे 20 मिनट तक पंडाल में भीड़ का इंतजार करना पड़ा।
7. हिसार से आए सेना के बैंड ने राष्ट्रगान की धुन बजाई। जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
8. पंडाल की सुरक्षा के लिये तैनात सिरसा के एसपी हामिद अख्तर युवाओं में आकर्षण का केंद्र रहे। राष्ट्रपति के जाने के बाद उनके साथ सेल्फी लेने के लिये युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
9. राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी के भाषण देने के बाद राष्ट्रपति ने हाथ मिलाकर दी बधाई।
10. चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय के वीसी प्रो. विजय कायत ने मंच का संचालन बखूबी निभाया।
11. रामपाल के समर्थकों ने कबीर परमेश्वर नामक पुस्तक कार्यक्रम में आए लोगों को मुफ्त में वितरित की।