अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
गांव रत्ताखेड़ा परीक्षा केंद्र पर शुक्रवार को बोर्ड चेयरमैन फ्लाइंग टीम ने एक के बाद एक करके चार फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ा। शुक्रवार को दिनभर में नकल के यही चार केस बनाए गए। जिले में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान नकल के कुल 21 मामले पकड़ में आ चुके हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मानें तो फतेहाबाद में बोर्ड परीक्षाओं में नकल महज नाममात्र की ही हो रही है और प्रतिदिन इक्का-दुक्का केस ही सामने आ रहे हैं।
उधर शुक्रवार को परीक्षा में चेकिंग के दौरान बोर्ड सचिव फ्लाइंग टीम ने भी अपनी औपचारिक रिपोर्ट में दो परीक्षा केंद्रों की शिकायत भिवानी बोर्ड को भेजी है। बोर्ड सचिव टीम द्वारा भेजी गई शिकायत के अनुसार गांव गोरखपुर के सरकारी स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र में आऊटसाइर्डस का दखल काफी ज्यादा देखने को मिला। इसके अलावा भूथनकलां परीक्षा केंद्र पर पुलिस की कोई सुरक्षा ही बोर्ड सचिव टीम को नजर नहीं आई। शिक्षा विभाग के आंकड़ों की मानें तो शुक्रवार को बोर्ड परीक्षाओं के दौरान जिले की 9 टीमों ने कुल 43 परीक्षा केंद्रों को खंगाला। खंड शिक्षा अधिकारियों व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी की फ्लाइंग निरस्त होने के बाद अब जिले में डीसी, एसडीएम रतिया, फतेहाबाद और टोहाना, डीईओ, डीक्यूपी, कंट्रोल रूम, बोर्ड सचिव और बोर्ड चेयरमैन फ्लाइंग ही ड्यूटी कर रही हैं। फतेहाबाद जिले की बात की जाए तो 21 में से तकरीबन 15 नकल के मामले बोर्ड चेयरमैन फ्लाइंग टीम ने ही काबू किया है।