यूरिया के लिए मारा मारी, किसानों की लगी लंबी लाइनें
पीएसओ मशीन में खाद की इंट्री न होने से वितरण कार्य रोका रखा विक्रेता ने, किसानों ने किया विरोध प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
भूना।
यूरिया खाद की किल्लत को लेकर अनाज मंडी में खाद विक्रता दुकान पर किसानों की लंबी लाइनें लग गई। यूरिया खाद प्राप्त करने के लिए किसानों में धक्का-मुक्की भी हुई। जिसको लेकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया। लेकिन पीएसओ मशीन में खाद की इंट्री न होने के कारण वितरण कार्य रोका रखा। जिसके कारण किसानों की भीड़ होने व लंबी लाइन लगने से किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया।
भूथन कलां के किसान देवीलाल रणवां, ढाणी सांचला के बलबीर सिंह, राजेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार, बगडावत सिंह, मिठू सिंह, रामकिशन, रामजीलाल, नरेश कुमार आदि दर्जनों किसानों ने बताया कि खाद लेने के लिए पिछले एक सप्ताह से भटक रहे हैं। मगर उन्हें खाद लाइनों में लगने के बाद भी नहीं मिल रही है। किसानों ने कहा कि खाद के बिना गेंहू की फसल पीली हो गई है। जिसको खाद की अति आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अगर समय पर खाद उपलब्ध नहीं हुई तो गेंहू की फसल बर्बाद हो जाएगी। किसानों ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसानों को शांत करवाया और संबंधित कृषि विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर किसानों की समस्या समाधान के लिए दिशा निर्देश दिए। इनेलो के प्रदेश कार्यकारणी सदस्य मोलू राम रूलहानिया ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान पैसा लेकर बाजार में घूम रहे हैं। मगर उन्हें खाद नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि किसान की भाजपा सरकार में दुर्गति हुई है। क्योंकि पैसे देने के बावजूद भी चीज नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की फसलें खाद के बिना खराब हो रही हैं। मगर किसान खाद प्राप्त करने के लिए लाइनों में लग कर पुलिस की लाठियां भी खानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी यूरिया खाद की काला बाजारी सरकार ने करवाई थी। जिसके परिणाम स्वरूप सरकार के चहेतों को आर्थिक रूप से फायदा पहुंचा था तथा किसानों को पुलिस स्टेशनों में धक्के खाने पड़े थे।
क्या कहते है कृषि अधिकारी
कृषि विकास अधिकारी रामफल नैन ने इस सबंध में बताया कि भूना में किसान सेवा केंद्र व श्याम लाल रामकुमार खाद विक्रेेता की दुकान पर 6 हजार बैग कोरोमंडल यूरिया खाद के आए हुए हैं। लेकिन कंपनी द्वारा पीएसओ मशीन में इंट्री ने होने के कारण स्टॉक में गड़बड़ी हो रही है। इसलिए वितरण कार्य में दिक्कत आ रही है। जैसे ही कंपनी द्वारा स्टॉक मशीन में पूरा हो जाएगा। तो खाद वितरित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद की कोई कमी नहीं है। किसानों को शांति रखनी चाहिए।