अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
उपायुक्त डॉ. हरदीप सिंह ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम द्वारा चेकअप के दौरान चिह्नित किए गए बच्चों के निरंतर स्वास्थ्य जांच के लिए व्यवस्था सुनिश्चित करें। शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग खंड स्तर पर चिह्नित बच्चों के स्वास्थ्य की पूर्ण जांच करें। उपायुक्त शुक्रवार को लघु सचिवालय के बैठक कक्ष में अधिकारियों की मासिक बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
बैठक में सिविल सर्जन ने बताया कि जिला के विभिन्न स्कूलों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की, जिनमें 950 बच्चों ेकी दांत की समस्या, 850 बच्चों को आंखों की, 120 बच्चों को कान बहने की बीमारी, 20 बच्चों को लर्निंग की दिक्कत तथा 200 बच्चों को गंभीर अनिमिया की दिक्कत मिली थी। इस पर उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि इन सभी बच्चों का नियमित स्वास्थ्य की जांच हो और इन्हें स्वास्थ्य विभाग के साथ सामंजस्य स्थापित कर ईलाज कराएं।
डॉ. हरदीप सिंह ने बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग में पूर्ण हो चुके विकास कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट जल्द उनके कार्यालय में भेंजे ताकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अगले सप्ताह के प्रस्तावित दौरा में यह रिपोर्ट प्रस्तुत की जा सके। उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणाओं में हुए अब तक स्टेट्स की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए। उपायुक्त ने समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि वे जिला में ओल्ड ऐज हॉम बनाने की दिशा में काम करें। इसके लिए विभाग इसकी रूपरेखा तैयार करें और सरकार को मंजूरी के लिए भिजवाए। उन्होंने पेंशन धारकों के आधार कार्ड से लिंक करने के निर्देश दिए और कहा कि 30 नवंबर तक सभी पेंशनधारकों के आधार लिंक हो जाने चाहिए।
उपायुक्त ने बिजली विभाग को यह निर्देश दिए कि वे सभी सीएचसी में हॉट लाइन बिजली आपूर्ति करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि वे सिंगल विंडो सिस्टम के तहत ई-दिशा के रि-डिजाइन को जल्द तैयार करें ताकि सिंगल विंडो सिस्टम पर 300 सेवाओं को शुरू किया जा सके।