भट्टूकलां। आगामी 3 अक्तूबर को हिसार में होने वाली किसान मजदूर रैली की तैयारियों को लेकर सोमवार को भट्टूमंडी के ताऊ देवीलाल टाउन पार्क में किसान सभा स्वागत समिति कि मीटिंग का आयोजन किया गया। इस मीटिंग की अध्यक्षता चेयरमैन छोटूराम चाहर ने की। मीटिंग का संचालन कामरेड विष्णुदत्त शर्मा ने किया। किसान मजदूर रैली में लोगों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हर गांव में अभियान चलाया जाएगा। कामरेड रामकुमार बहबलपुरिया ने कहा कि शासक वर्गों की कृषि विरोधी नीतियों के कारण कृषि का संकट गहराता जा रहा है। अन्नदाता कहलाने वाले किसान आज कर्ज की चपेट में है। भाजपा शासन में खेती, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, मान-सम्मान खतरे में है। उन्होंने कहा कि स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने के नाम पर वोट लेने वाले आज उसको लागू करने से मुकर गए है। इस अवसर पर कामरेड विष्णुदत्त शर्मा, विजय सिंह जाखड़, जगदीश शर्मा, सतबीर, सुनील, राजेंद्र, धन्नाराम, जयकिशन, लीलुराम, रिछपाल, विजेंद्र, दिनेश शर्मा, भाला सिंह जांगड़ा सहित अनेक लोग मौजूद थे।