कुलां। सीआईए टोहाना की टीम ने शनिवार रात को गुप्त सूचना के आधार पर गांव कुलां के पास से एक ट्रक में से 11 किलो 340 ग्राम डोडापोस्त बरामद किया है। मामले में आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए व्यक्ति के खिलाफ कुलां पुलिस चौकी में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी ट्रक चालक की पहचान पाला सिंह पुत्र बावा सिंह निवासियान पंजाब के संगरूर जिला के गांव कांडला के रूप में हुई है।
सीआईए टोहाना के एएसआई करनैल सिंह ने बताया कि शनिवार रात करीब सात बजे उनकी टीम गश्त के दौरान कुलां क्षेत्र में मौजूद थी। उसी दौरान टीम को महत्वपूर्ण सूचना मिली कि एक ट्रक में चूरापोस्त लाया जा रहा है, जो कुलां के रास्ते से पंजाब जाने की फिराक में है। उक्त सूचना को पाकर पुलिस पार्टी ने तत्काल प्रभाव से गांव कुलां के पास भूना रोड़ पर नाकेबंदी की। कुछ ही समय बाद भूना की तरफ से आए ट्रक को रुकवा कर तलाशी ली गई तो ट्रक के केबिन के अंदर चालक सीट के पीछे बने एक बॉक्स में रखे कट्टे में से 11 किलो 340 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह चूरापोस्त वह मध्यप्रदेश से लाया था और आरोपी इसे पंजाब में सप्लाई करना चाहता था। ट्रक में इलेक्ट्रॉनिक सामान भी भरा हुआ था। पुलिस ने आरोपी को काबू कर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।