फतेहाबाद। जिले में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य जारी है। जिले में 105185 मतदाताओं को नोटिस जारी किए है जिसमें 76 हजार मतदाताओं के मामले में सुनवाई की गई है।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विवेक भारती ने बताया कि फॉर्म-9, 10, 11, 11ए तथा 11बी में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सूचियां ईआरओ द्वारा प्रतिदिन तैयार कर नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जा रही हैं। अब तक 7, 14, 21 एवं 26 अगस्त को राजनीतिक दलों के साथ सूचियां साझा की जा चुकी हैं।
फॉर्म-6, 7 एवं 8 के तहत 1 से 31 अगस्त तक जिले में कुल 9,223 आवेदन प्राप्त हुए। विधानसभा क्षेत्र टोहाना (39) में 3,987 आवेदन प्राप्त हुए, फतेहाबाद (40) में 2,802 तथा रतिया (41) (एससी) में 2,434 आवेदन प्राप्त हुए हैं। ऑनलाइन प्राप्त दावों एवं आपत्तियों को संबंधित बीएलओ को सत्यापन के लिए व्यवस्थित रूप से भेजा जा रहा है।
नोटिस स्तर पर भी जिले में सुनवाई एवं निस्तारण का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है। जिले में कुल 1,05,185 नोटिस में से 76,759 की सुनवाई की जा चुकी है। विशेष अभियान के तहत 22, 23, 29 व 30 अगस्त, 2026 को जिले के सभी 767 मतदान केंद्रों पर बीएलओ की 100 प्रतिशत भौतिक उपस्थिति सुनिश्चित की गई थी।
इन चार विशेष अभियान दिवसों के दौरान नागरिकों से कुल 7,788 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 4,820 फॉर्म-6, 425 फॉर्म-7 तथा 2,543 फॉर्म-8 शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार टोहाना में 2,349, फतेहाबाद में 3,357 तथा रतिया में 2,082 आवेदन प्राप्त हुए। व्यापक स्थानीय प्रचार एवं बीएलओ तथा बीएलए के बीच सक्रिय समन्वय के कारण अभियान को सकारात्मक जनभागीदारी मिली।
जिले में बीएलए-1 एवं बीएलए-2 के सहयोग से दावों, आपत्तियों एवं स्थानांतरित मतदाताओं के सत्यापन का कार्य भी निरंतर जारी है। राजनीतिक दलों द्वारा कुल 1,620 बीएलए-2 नियुक्त किए गए हैं। इनमें बीएसपी के 95, भाजपा के 692, कांग्रेस के 708 तथा आईएनएलडी के 125 प्रतिनिधि शामिल हैं। बैठक में एसडीएम फतेहाबाद राजेश कुमार, चुनाव नायब तहसीलदार राज कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।