अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। शहर के साथ लगते मिनी बाईपास पर एक बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और फरार हो गया। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान स्वामीनगर निवासी शीशपाल के रूप में हुई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। हादसे में घायल हुए दूसरे युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर मेडिकल सेंटर पर रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।