लाखों के गबन की आरोपी महिला सरपंच नहीं पहुंची बयान दर्ज करवाने
अमर उजाला ब्यूरो
भूना । ग्राम पंचायत लहरिया की सरपंच द्वारा ग्राम सचिव के फर्जी हस्ताक्षर करके 24 लाख 71 हजार 6 सौ रूपए गबन मामले को लेकर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी के नोटिस के बाद सरपंच कार्यालय में हाजिर नहीं हुई। जबकि ग्राम सचिव ने सोमवार को अपने बयान कलमबद्ध करवाएं हैं। बीडीपीओ की शिकायत पर अब लहरिया की सरपंच उर्मिला देवी के खिलाफ पुलिस में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया जाएगा।
ग्राम सचिव ने ये दिए ब्यान
लहरिया ग्राम पंचायत के सचिव देवीलाल पूनिया ने बीडीपीओ को दिए बयान में बताया है कि लहरियां की सरपंच उर्मिला देवी को उपायुक्त ने 26 सितम्बर 2018 को पंचायत की शामलाती भूमि की पट्टा राशि जमा न करवाने के कारण निलंबित कर दिया था। ग्राम सचिव ने बताया कि सरपंच से चार्ज लेने के लिए वह कई बार घर भी गया। पंचायत रिकार्ड लेने के लिए उसने बार-बार सरपंच से संर्पक किया। परंतु आधा अधूरा रिकार्ड देकर कार्यवाहक सरपंच सुमन देवी को दे दिया गया था। मगर जब वह सरपंच से कैश बुक व एमबी तथा चैक बुक इत्यादि लेने गया तो उसने देने से इंकार कर दिया। जिससे सरपंच की नियत पर उन्हें शक हुआ। ग्राम सचिव ने बताया कि जब उसने बैंक में ग्राम पंचायत लहरिया की बैंक डिटेल ली तो वह हैरान रह गया। क्योंकि उसके फर्जी हस्ताक्षर करके कई चैकों से राशि निकाली हुई थी। जिसको लेकर उन्होंने बीडीपीओ को लिखित में शिकायत दी थी। बीडीपीओ रविन्द्र कुमार दलाल के मामला संज्ञान में आने के बाद सरपंच व ग्राम सचिव को नोटिस देकर सोमवार को अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया था। मगर लहरियां के तत्कालीन सरपंच उर्मिला देवी ब्यान देने नहीं पहुंची।
क्या कहते हैं बीडीपीओ
खंड विकास एवं पंचायत रविन्द्र दलाल ने बताया कि पंचायत लहरियां का गबन से संबधित मामला उनके संज्ञान में आते ही ग्राम सचिव व सरपंच को नोटिस देकर अपना पक्ष रखने के लिए सोमवार को तलब किया था। ग्राम सचिव ने ब्यान दिए हैं कि उसके फर्जी हस्ताक्षर करके सरपंच ने उपरोक्त राशि चेकों के माध्यम से निकलवाई है। इसलिए अब पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।