शिक्षक सम्मान समारोह और रक्तदान शिविर 5 को
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। शिक्षा दिवस के उपलक्ष्य में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राधाकृष्णन के जन्मदिवस के अवसर पर राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ फतेहाबाद द्वारा शिक्षक सम्मान समारोह एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह समारोह सुबह 9 बजे अरोड़वंश धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा। संघ के राज्य मुख्य सलाहकार एवं राज्य पुरस्कार विजेता देवेंद्र दहिया ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर जिला शिक्षा अधिकारी दयानंद सिहाग भाग लेंगे जबकि समारोह की अध्यक्षता जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र कूंडू करेंगे। डाइट मताना की प्राचार्य संगीता बिश्नोई समारोह की विशिष्ट अतिथि होंगी। उन्होंने कहा कि संघ प्राथमिक शिक्षकों एवं प्राथमिक शिक्षा में गुणवत्ता लाने जैसे कार्यों के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। इसी कड़ी में शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय पर रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार के रक्तदान शिविर में रेडक्रास सोसायटी को 100 यूनिट ब्लड की देने का लक्ष्य रखा गया है। सभी शिक्षक रक्तदान शिविर में भाग लेकर रक्तदान के रूप में महादान करके अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करें। रक्तदाता शिक्षकों को रेडक्रास एवं संघ द्वारा विशेष प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया जाएगा। रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के इच्छुक शिक्षक अपना नाम एवं विद्यालय का नाम मोबाइल नंबर 9416048672, 9729542157 पर व्हाट्सएप या एसएमएस कर रजिस्टर्ड करवा सकते हैं।
संघ के प्रधान विकास टुटेजा ने बताया कि शिक्षक सम्मान समारोह के तहत जिला फतेहाबाद के राजकीय प्राथमिक पाठशाला के जिन जेबीटी शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों का चयन वर्ष 2018-19 में नवोदय विद्यालय में हुआ है, उन जेबीटी शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ-साथ वर्ष 2017-18 में जिन प्राथमिक स्कूलों ने खंड स्तर एवं जिला स्तर पर मुख्यमंत्री स्कूल सुंदरीकरण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, उन स्कूलों को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिक्षक दिवस समारोह में जिला फतेहाबाद से जेबीटी से टीजीटी के पद पर पदोन्नत हुए जेबीटी शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा।