अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। जवाहर चौक पर बनाए गए डंपिंग प्वाइंट से कूड़ा नहीं उठाए जाने से परेशान दुकानदारों ने सोमवार सुबह चौक पर जाम लगा दिया। दुकानदारों ने लोहे के ट्रंक, फोल्डिंग व बेड आदि लगाकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया और नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी की। जाम की सूचना पाकर शहर थाना के एडिशनल प्रभारी जगदीशचंद्र मौके पर पहुंचे और दुकानदारों को समझाकर जाम खुलवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के बीचोंबीच स्थित जवाहर चौक में एक गली में लोग कूड़ा आदि फेंकते हैं। यहां पर आसपास के घरों का भारी मात्रा में कूड़ा फेंका जाता है, जिससे यहां के दुकानदार परेशान हैं। सोमवार को दुकानदारों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जाम लगा दिया। जाम लगाकर खड़े दुकानदार रमन, सुशील, संजय, रामसिंह, बलवंत, बलबीर धमीजा, संदीप, संजू, सुशील, हरीश, भीमसैन, प्रवीन कुमार आदि ने बताया कि नगर परिषद द्वारा पिछले काफी समय से चिल्ली वाली झील के रास्ते के नुक्कड़ पर कूड़ा-कर्कट प्वाइंट बना रखा है। यहां पर सफाई कर्मचारी आकर कूड़ा कर्कट डालते रहते हैं, वह भी दोपहर तक। जबकि नगर परिषद की ट्रैक्टर ट्राली सुबह 8 बजे यहां से कूड़ा उठाने के बाद दोबारा नहीं आती। जिस कारण सारा दिन यहां पर कूड़ा कर्कट बिखरा रहता है। इस कूड़े से उठने वाली बदबू से उनका जीना मुहाल हो गया है। बदबू के कारण उनका व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है, क्योंकि ग्राहक उनकी दुकान पर नहीं आते। बदबू की वजह से उनको दिनभर मुंह पर रूमाल रखे बैठे रहना पड़ता है। वह इस बारे में नगर परिषद को कई बार शिकायत दे चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। इसके बाद उन्होंने 6 जुलाई को सीएम विंडो में भी इसकी शिकायत दी थी, लेकिन यहां पर भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई है। इसी के चलते मजबूर होकर उनको जाम लगाना पड़ा है। जाम करीब 20 मिनट तक लगा रहा, इस दौरान जवाहर चौक में जाम लग गया। जाम की सूचना पाकर थाने के एडिशनल प्रभारी जगदीशचंद्र मौके पर पहुंचे और दुकानदारों की बात प्रशासन तक पहुंचाने का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया।