निगम मैनेजमेंट के अड़ियल रवैये के विरोध में कर्मचारियों ने दिया धरना, की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। हिसार में निलंबित हुए कर्मचारियों व उन पर हुई एफआईआर रद्द करने तथा एसडीओ व एक्सईन को निलंबित करने की मांग को लेकर फतेहाबाद सर्कल की कार्यकारिणी व सभी कर्मचारियों ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया और निगम मैनेजमेंट के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने की अध्यक्षता सर्कल सचिव फूल कुमार कुंडू ने की व संचालन यूनिट सचिव दलीप सिंह लोदा ने किया।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राज्य कार्यकारिणी सहसचिव जगदीश राय ने कहा कि जब तक हिसार में पांच कर्मचारियों का निलंबन व उन पर दर्ज हुई झूठी एफआईआर रद्द नहीं की जाती तब तक यह धरना जारी रहेगा। साथ ही सातरोड के एसडीओ संजय सांगवान व हिसार-11 के एक्सईन विजेंद्र लाम्बा को तुरंत प्रभाव से निलंबित किए जाने करी मांग भी की। धरने को संबोधित करते हुए एमसीसी कृष्ण बिश्नोई व जसवंत सिंह ने कहा कि सभी कर्मचारी निगम मैनेजमेंट के अड़ियल रवैये के कारण धरने पर बैठेगें। इससे पहले कर्मचारी जींद, भिवानी व हिसार सर्कल में धरना दे रहे थे। धरने प्रदर्शन को फकीर चंद सैनी, भादर सिंह, रोशन लाल, सुभाष जाखड, देवेंद्र जाखड़, विजय जांगड़ा, रामनिवास, बंसीलाल, सुनील ढिल्लों, शमशेर पूनिया, अजीत, नौवा सिंह, कॉलम सिंह, त्रिलोक चंद, आस्करण, सतबीर, सुरेश बिश्नोई, सूरजमल, जसविंद्र सिंह आदि ने संबोधित किया।