अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
सीएम विंडो में लगातार मिल रही नकली दूध, घी, दही व सामान बेचने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टोहाना में छापेमारी की। टीम ने डिप्टी सिविल सर्जन फतेहाबाद के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए अनेक दुकानों से सैंपल लिए। विभाग की टीम की सूचना मिलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की कार्यवाही से सहमे कई दुकानदार दुकानें बंद कर भाग गए। कई घंटों तक चली स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के चलते शहर से अनेक जगहों से सैंपलिंग की।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. गिरीश ने बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थी कि टोहाना इलाके में कई जगह खाद्य पदार्थों में मिलावट आ रही है। जिसके बाद विभाग ने एक टीम बनाकर टोहाना क्षेत्र की एक दर्जन दुकानों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं। रतिया रोड स्थित ग्रोवर डेयरी से दही, गांधी चौक से जग्गा किराना से भुजिया, अमित कुमार से बेसन पकौड़ी, बस स्टैंड रोड से दुकान से घी का सैंपल, दमकौरा रोड से लेमन जीरा का सैंपल लिया है। जिन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। इसके अलावा भी कई दुकानों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं।
पिछली बार लिए सैंपलों में कई फेल, लगा जुर्माना
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. गिरीश ने बताया कि पिछले दिनों भी जिले में कई जगह से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए थे। उनमें अनेक सैंपलों की जांच रिपोर्ट में पाया गया कि उक्त खाद्य पदार्थ खाने योग्य नहीं हैं। ऐसे दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया है। डॉ. गिरीश ने बताया कि विभाग की रिपेार्ट के अनुसार जोगिंद्र कुमार रतिया का दूध सैंपल फेल होने पर 25 हजार, कंसल ट्रेडर्स टोहाना का कुकिंग आयल सैंपल मिस ब्रांड आने पर 55 हजार, मारुति ट्रेडिंग कंपनी का कुकिंग मीडियम सैंपल मिस ब्रांड आने पर 55 हजार, बंसल बेकर्स कंफेक्शरी टोहाना का मैदा बिस्कुट का सैंपल मिस ब्रांड होने पर 7 हजार, रिंकू कुमार टोहाना का दूध सैंपल सब स्टैंडर्ड आने पर 4 हजार, अमरदीप वैरायटी स्टोर फतेहाबाद का सरसों तेल सैंपल मिस ब्रांड आने पर 55 हजार, पवन कुमार फतेहाबाद पपीहा पार्क का सोया पनीर सैंपल मिस ब्रांड आने पर 35 हजार, राकेश ट्रेडिंग कंपनी टोहाना का सरसों तेल सैंपल मिस ब्रांड आने पर 75 हजार, आरबी कांप्लेक्स टोहाना का वेजिटेबल आयल सैंपल सब स्टैंडर्ड आने पर 60 हजार जुर्माना लगाया गया है। लगभग 30 और फेल आए सैंपलों की जांच रिपोर्ट की फाइल एडीसी दफ्तर भेजी जा चुकी है, जिन पर जल्द और जुर्माना लगाया जाएगा।
टोहाना में कई दुकानों पर मारे छापे, खाद्य पदार्थों के लिए सैंपल
डिप्टी सिविल सर्जन की अगुवाई में हुई कार्रवाई
दुकानदारों में हड़कंप, कई दुकानदार दुकानें बंद करके हुए गायब
पिछली बार लिए गए सैंपलों में कइयों के सैंपल आए फेल
14एफटीबीपी15 : टोहाना में खाद्य पदार्थों के सैंपल लेते डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. गिरीश व स्वास्थ्यकर्मी।