फतेहाबाद में हिसार-सिरसा रोड पर नो पार्किंग में खड़ी कारें स्त्रोत पुलिस विभाग
फतेहाबाद। शहर में यातायात व्यवस्था को पटरी पर रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को पुलिस ने हिसार-सिरसा रोड समेत विभिन्न स्थानों पर नो-पार्किंग में खड़ी 10 गाड़ियों को टोचन कर थाने पहुंचाया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की भी हिदायत दी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार मुख्य सड़कों, बाजारों और चौक-चौराहों पर गलत तरीके से वाहन खड़े होने से यातायात प्रभावित होता है। खासकर मुख्य रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर सड़क किनारे बेतरतीब खड़ी गाड़ियां अन्य वाहनों के आवागमन में बाधा बनती हैं और जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी होती है।
थाना यातायात प्रभारी जय सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए निगरानी लगातार जारी है। नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने और यातायात में बाधा पैदा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सड़क, मोड़, चौक, मुख्य बाजार या नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा न करें।