तिया। गांव बीराबदी में जमीन के झगड़े को लेकर रविवार को हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने नौ लोगों को नामजद व 25 अन्य आरोपियों सहित 34 लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस की ओर से 10 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। इनमें एक आरोपी नाबालिग होने के कारण उसे बाल सुधार गृह में भेजा जाएगा।
जबकि दो हमलावर घायल होने के कारण उन्हें रतिया व अग्रोहा के अस्पताल में पुलिस हिरासत में इलाज के लिए दाखिल करवाया गया है। सदर थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए नौ आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां से चार आरोपियों सतनाम, संदीप गोरा, दीपू को न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया। मामले के मुख्य आरोपी जीवन, अर्शदीप, अवतार, छिंदा, जगसीर सहित पांच आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
इस मामले में लोहगढ़ जिला मानसा पंजाब निवासी सुरेन सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि पिलछियां निवासी जीवन सिंह अपने साथियों के साथ उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहता था और जब वह अपने खेत में अपने रिश्तेदारों के साथ काम कर रहे थे। इस दौरान जीवन, सेमो उर्फ संभु, गोरी उर्फ रोवित, चैनी उर्फ सहजप्रीत, गेजा, गुरसेवक, दिपु, अवतार सिंह उर्फ काला, अर्षदीप, तरणदीप उर्फ तखी व उनके साथ तीन-चार गाड़ियों और मोटरसाइकिल पर आए 25 अन्य लोगों ने उन पर हमला बोल दिया।
जब वह भागने लगे तो दो-तीन लोगों ने उन पर फायरिंग भी कर दी। इससे कई लोग घायल हो गए। देर रात पुलिस ने धरपकड़ करते हुए मुख्य आरोपी जीवन, दीपू नगल, संदीप बबनपुर, अर्शदीप, अवतार निवासी सरदूलगढ़, गोरा, छिंदा, सतनाम , जगसीर मानसा को गिरफ्तार भी कर लिया। पुलिस ने इस फायरिंग के मामले में कुछ गाड़ियों मोटरसाइकिल और हमले में प्रयोग किए गए डंडे और कारतूस के खाली खोल भी बरामद किए हैं।