फतेहाबाद। नगर परिषद की ओर से मॉडल रोड बनाया जा रहा है लेकिन ये भट्टू रोड से गुजरने वाले लोगों और दुकानदारों के लिए आफत बना हुआ है। ये ही नहीं भट्टू रोड पर सिटी नर्सिंग होम के सामने करीब 10 फुट गहरा बना गड्ढा हादसे का कारण भी बन सकता है। करीब 20 दिन पहले किए गए गड्ढे के आसपास सुरक्षा के तौर पर कोई व्यवस्था भी नहीं की गई। नगर परिषद और जनस्वास्थ्य विभाग अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं।
गड्ढे को जल्द बंद करने को जनस्वास्थ्य विभाग भी तैयार नहीं है। वजह ये है कि नगर परिषद की ओर से स्टॉर्म वाटर सीवरेज लाइन डालते समय सीवरेज और पेयजल की पाइप लाइन टूट चुकी है। कई बार ठीक करने के बाद भी समस्या का पूरी तरह से समाधान नहीं हो रहा है। दो से तीन बाद बार-बार पाइप लाइन टूट रही है।
2.18 करोड़ से बन रहा है मॉडल रोड
नगर परिषद की ओरसे एसबीआई रोड को मॉडल रोड बनाया जा रहा है। इस पर करीब 2.18 करोड़ की राशि खर्च होने का अनुमान है। इससे पहले नगर परिषद की ओर से स्टॉर्म वाटर सीवरेज पाइप लाइन डाली गई है। इसका 39 लाख का एस्टीमेट है।
ये बोले लोग
एसबीआई रोड को मॉडल रोड बनाने का काम चल रहा है। इसके चलते फतेहाबाद-भट्टू रोड पर करीब 10 फुट गहरा गड्ढा गया है। इसके कारण रात के समय में हादसा होने का डर बना रहता है। ठेकेदार ने सुरक्षा के तौर पर कोई व्यवस्था भी नहीं कर रखी है।
- नरेश, दुकानदार।
मेरी दुकान के सामने पिछले करीब एक माह से स्टॉर्म वाटर सीवरेज लाइन डालने का काम का चल रहा है। इसके कारण सीवरेज की पाइप लाइन टूट चुकी है। यहां दिन भर बदबू से परेशान रहना पड़ रहा है। इसकी शिकायत जन स्वास्थ्य विभाग को की गई है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।
- सुरेश कुमार, दुकानदार।
सड़क बनाने का काम पिछले तीन माह से चल रहा है। इसके कारण धूल उड़कर दुकानों में आ रही है। भट्टू रोड पर सिटी नर्सिंग होम के सामने खोदे गए गढ्डे के पास रोशनी का प्रबंध नहीं होने के कारण रात के समय हादसा हो सकता है।
- रामेश्वर, दुकानदार।
नगर परिषद की ओर से स्टॉर्म वाटर सीवरेज पाइप लाइन डालने का काम चल रहा है। इस दौरान पेयजल और सीवरेज की पाइप लाइन टूट गई थी, उसे ठीक करने के लिए गढ्डा खोदा गया था। उस जल्द ठीक करवा दिया जाएगा।
- सतपाल रोज, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग।
जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से लीकेज को ठीक किया जा रहा है, इसलिए उनके द्वारा गड्ढा खोदा गया है।
- राजेश कुमार, जेई, नगर परिषद।