फतेहाबाद/टोहाना/रतिया। शहरी क्षेत्र के लिए मंगलवार से नगर परिषद और नगरपालिका कार्यालयों में समाधान शिविर लगने शुरू हो गए हैं। पहले दिन लगाए गए शिविर में 10 शिकायतें आईं जिसमें आधी प्रॉपर्टी आईडी की थी लेकिन इसमें किसी का समाधान नहीं हुआ।
इसके अलावा अन्य पांच शिकायतें आई और उसमें चार का मौके पर समाधान हुआ। जिले के पांच शहरों में से रतिया में एक भी व्यक्ति शिकायत लेकर नहीं पहुंचा। फतेहाबाद में जिला नगर आयुक्त संजय बिश्नोई ने खुद शिकायतें सुनी। इस दौरान ईओ सुरेंद्र कुमार, कार्यकारी अभियंता अमित कौशिक, लेखाकार नवीन भाटिया, बिल्डिंग इंस्पेक्टर विकास बजाज, परिवार पहचान पत्र ब्रांच के कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर परिषद कार्यालय में पहली शिकायत मॉडल टाउन निवासी अंकित गेरा ने प्रॉपर्टी आईडी की दी। उन्होंने बताया कि अगस्त माह में उसने सिरसा रोड पर प्लॉट की नई प्रॉपर्टी आईडी के लिए आवेदन किया था लेकिन अभी तक बनी नहीं है।
डीएमसी ने आश्वासन दिया कि दो दिन में समाधान हो जाएगा। वहीं दूसरी शिकायत शिविर में महेंद्र कुमार दी। महेंद्र ने बताया कि वह इसी कार्यालय से सेवानिवृत्त हुआ है लेकिन उसे सातवें वेतन आयोग का लाभ नहीं मिला है। डीएमसी ने मामले की लेखाकार से रिपोर्ट ली और 15 दिन में समाधान का आश्वासन दिया। तीसरी शिकायत पीपीपी को लेकर हरनाम सिंह कॉलोनी निवासी लक्ष्मी ने दी।
रतिया में नहीं आई एक भी शिकायत
रतिया में समाधान शिविर नगर पालिका कार्यालय में लगाया गया। लेकिन यहां एक भी शिकायत नहीं आई। नगर पालिका सचिव संदीप कुमार, भवन निरीक्षक सुनील लांबा, लिपिक बलजीत, सुनील कुमार, सुनैना, कमल आदि अधिकारी व कर्मचारी शिकायतकर्ताओं का इंतजार करते रहे। टोहाना में प्रॉपर्टी आईडी में मोबाइल नंबर अपडेट और स्ट्रीट लाइट संबंधित शिकायत आई। प्रॉपर्टी आईडी शिकायत का मौके पर समाधान हो गया। भूना में दो शिकायतें प्रॉपर्टी आईडी और एक डेवलपमेंट चार्ज की आई। तीनों ही शिकायतों का समाधान मौके पर नहीं हो पाया। जाखल में दो शिकायतें आईं। जिसमें एक प्रॉपर्टी आईडी ट्रांसफर और दूसरी रिहायशी प्रमाणपत्र की थी। दोनों समस्याओं का समाधान हो गया।
जिले के पांचों शहरों में ये है प्रॉपर्टी आईडी की स्थिति
शहर
प्रॉपर्टी आईडी
फतेहाबाद
30,824
भूना
11,633
जाखल
4713
रतिया
19,240
टोहाना
28,823
शिविर में लोगों की प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशनों आदि से संबंधित मामलों की समस्याएं सुनी। समाधान शिविर में 10 समस्याएं आईं है, जिनमें से चार का मौके पर ही समाधान किया गया। समाधान शिविर में आने वाले समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाएगा। सरकार ने प्रत्येक कार्य दिवस में समाधान शिविर का आयोजन करके लोगों की समस्याओं को दूर करने का उद्देश्य रखा है।
- संजय बिश्नोई, जिला नगर आयुक्त