गांव भूपानी में मंगलवार रात नवविवाहिता की हत्या के आरोपी पति ने एक दोस्त की मदद से वारदात को अंजाम दिया था। उसे पत्नी के चरित्र पर संदेह था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
उल्लेखनीय है कि गांव भूपानी निवासी 19 वर्षीय आरती की शादी चार माह पहले गाजियाबाद के गांव शमशेर निवासी प्रदीप के साथ हुई थी। दो माह से आरती मायके में आकर रह रही थी। मंगलवार रात करीब 11 बजे आरती के पास प्रदीप का फोन आया। वह पति से मिलने के लिए घर के नजदीक मंदिर के पास गई, लेकिन वापस नहीं लौटी। बुधवार सुबह गांव के ही स्कूल के एक निर्माणाधीन कमरे में आरती का शव पड़ा मिला। उसके गले में चुनरी बंधी हुई थी। आरती की मां मुकेश देवी के बयान पर प्रदीप के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया है कि प्रदीप ने दोस्त की मदद से वारदात को अंजाम दिया था। उसे शादी के बाद से ही आरती के चरित्र पर संदेह था। इसे लेकर उसका आरती से विवाद भी हुआ था। संदेह के कारण उसने आरती की हत्या की है। पुलिस उसके दोस्त की तलाश कर रही है।
चोरी की बाइक सहित एक धरा
फरीदाबाद (ब्यूरो)। क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान बिट्टू उर्फ चड्ढा उर्फ सोनू निवासी मुकेश कॉलोनी बल्लभगढ़ के तौर पर हुई है। सूचना के आधार पर साहुपुरा रोड सेक्टर-दो पार्क के पास से उसकी निशानदेही पर चोरी की बाइक मिली है।