सर्दी शुरू होते ही जिले में स्वाइन फ्लू का खतरा मंडराने लगा है। जिसे ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि इसकी दवा सिर्फ बड़े सरकारी अस्पतालों में मिलेगी।
मेडिकल स्टोरों पर स्वाइन फ्लू दवा की बिक्री प्रतिबंधित कर दी गई है। छोटे-बड़े सभी निजी अस्पतालों को भी दवा के लिए सरकारी अस्पतालों से ही संपर्क करना होगा। स्वाइन फ्लू पीड़ितों को बीमारी के दौरान दवा लेने के लिए अपनी जेब न ढीली करनी पड़े इसके लिए यह इंतजाम किया गया है। दवा का वितरण केवल बीके एवं एम्स की बल्लभगढ़ शाखा की ओर से होगा। निजी अस्पताल प्रबंधक भी इन्हीं दोनों अस्पतालों से दवा मंगाएंगे। निजी अस्पताल मरीजों से दवा का पैसा नहीं ले पाएंगे।
इसके साथ ही निजी अस्पतालों को अपने यहां आने वाले स्वाइन फ्लू पीड़ित की पूरी जानकारी बीके अस्पताल में देनी होगी। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार स्वाइन फ्लू अधिक जुकाम, खांसी का ही संक्रमण है। जिससे फेफड़ाें में इंफेक्शन बढ़ जाता है और लंग्स कोलेपस (फेफड़ों का काम करना बंद कर देना) होने से व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है।
जिला स्वाइन फ्लू अधिकारी डॉ. रमेश ने बताया कि यह नोटिफिकेशन स्वास्थ्य मुख्यालय द्वारा जारी किया गया है। जिस बारे में सभी अस्पतालों एवं मेडिकल स्टोर संचालकों को सूचित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तापमान में जो बदलाव आ रहा है उसमें संक्रमण होने की संभावना बढ़ रही है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष जिले में 140 स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मरीज सामने आए थे।