गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों ने शिक्षा विभाग के नोटिस पर कोई ध्यान नहीं दिया है। इनका संचालन अब भी किया जा रहा है। 27 अक्तूबर को जिन गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को बंद करने का नोटिस दिया गया था, उनमें से अधिकांश आठ अक्तूबर को चलते हुए पाए गए।
इस पर खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों का संचालन बंद करने का रिमाइंडर थमाकर चेतावनी दी है कि इसके बाद भी स्कूल चलेगा तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी राजीव अरोड़ा ने अधीनस्थों को बंद होने वाले स्कूलों का निरीक्षण करने के आदेश दिए थे। इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का नजदीक के सरकारी स्कूल में दाखिला कराने को कहा गया था।
इस आदेश के साथ मंगलवार को खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी (बीईईओ ) रितु चौधरी 26 व 27 को बंद कराए गए स्कूलों का निरीक्षण करने पहुंचीं, लेकिन एनआईटी स्थित स्कूलों को देखकर वे हैरान रह गईं।
बीईईओ ने बताया कि नेहरू ग्राउंड स्थित दीक्षा पब्लिक स्कूल, वीआईपी पब्लिक स्कूल और आशा पब्लिक स्कूल संचालित पाए गए।
इन्हें दोबारा विभाग की ओर से नोटिस जारी कर दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगली बार स्कूल को चलते हुए पाया गया तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। यही नहीं, वैश्य पब्लिक स्कूल और शिवा पब्लिक स्कूल को दोबारा चेतावनी पत्र दिया है।
इसमें कहा गया है कि वे स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों का पूरा डाटा विभाग में जमा कराएं। इन बच्चों के दाखिले पास के सरकारी स्कूलों में कराए जाने हैं।