हुडा के डिवीजन-एक में आने वाले आठ सेक्टरों की सड़कों का कायाकल्प करने की तैयारी शुरू हो गई है। जिस पर हुडा की ओर से 1.27 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस काम के लिए एक से लेकर चार माह तक की समय सीमा निर्र्धारित की गई है।
हुडा ने इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सेक्टर- 58 में सर्वाधिक 72 लाख रुपये खर्च करने की योजना है। जिसमें से ट्रांसपोर्ट नगर की मुख्य सड़कों की रिपेयरिंग पर 48.80 लाख रुपये खर्च होंगे।
यह काम चार महीने में पूरा किया जाएगा। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट नगर में दूसरी सड़कों पर तीन माह की समयसीमा में करीब नौ लाख रुपये खर्च होंगे। सेक्टर के एंट्री प्वाइंट पर सड़क बनाने में 25 लाख रुपये लगाए जाएंगे।
सेक्टर 54-55 की मुख्य सड़कों को दुरुस्त करने के लिए और सेक्टर 61-62 की सड़कों के लिए 7.65-7.65 लाख रुपये खर्च होंगे। सेक्टर-दो की सड़कों को ठीक करने में 5.65 लाख और सेक्टर-65 में करीब पांच लाख रुपये खर्च होंगे। इन कार्यों को एक माह के अंदर पूरा किया जाएगा।
सेक्टर-59 के पार्ट-एक व दो की सड़कों पर नौ लाख रुपये खर्च होंगे। यह काम तीन माह में पूरा करना होगा। हुडा के कार्यकारी अभियंता सतपाल दहिया ने बताया कि बारिश के बाद सड़कों की दशा काफी दयनीय हो गई है। इसलिए इन्हें दुरुस्त करने का काम किया जाएगा।