महिला पार्षद से कथित अभद्र व्यवहार के मामले में नगर निगम आयुक्त डॉ. अभय सिंह यादव घिरते नजर आ रहे हैं। महिला पार्षद की शिकायत पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लेते हुए पुलिस आयुक्त एएस चावला को उचित कार्रवाई करने के संबंध में एक पत्र लिखा है।
आयोग की अध्यक्ष ममता शर्मा की ओर से पत्र में लिखा गया है कि निगम आयुक्त डॉ. अभय सिंह यादव ने वार्ड नंबर-14 की पार्षद चारू गोसाईं के साथ असंसदीय भाषा का प्रयोग किया है, जबकि महिला पार्षद निगम संबंधी अपने कार्य के बारे में निगमायुक्त से बात कर रही थी।
आयोग ने पत्र में यह भी लिखा है कि पुलिस आयुक्त स्वयं इस मामले को देखकर कानून के अंतर्गत जो भी उचित कार्रवाई बनती है, उसे निगमायुक्त के खिलाफ अमल में लाएं।
चारू गोसाईं का आरोप है कि जनता के काम के लिए उन्होंने निगमायुक्त को फोन किया तो उन्होंने असंसदीय भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद नगर निगम सदन में मामला उठा तो वे सदन छोड़कर चले गए। इस मामले में नगर निगम के तीनों मेयरों ने पहले तो निगमायुक्त के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया। उसके बाद उससे मुकर गए। लेकिन चारू गोसाईं अकेले मैदान में खड़ी हैं।
बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से पत्र मिला है। लेकिन अभी तक पुलिस आयुक्त ने मुझसे इस बारे में कोई बातचीत नहीं की है, आशा है आयोग के आदेश पर निगमायुक्त के खिलाफ कार्रवाई होगी।
चारू गोसाईं, निगम पार्षद (शिकायतकर्ता)।
मुझे इस बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है और न ही पुलिस आयुक्त की ओर से इस मामले में कोई भी बात की गई है।
--डॉ. अभय सिंह यादव, निगम आयुक्त, फरीदाबाद।