शहर के सेक्टर-15 में हुए नरेंद्र हत्याकांड में वारदात के दौरान मृतक के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है। सुरक्षाकर्मी की विभागीय जांच भी शुरू किए जाने के आदेश दिए गए हैं।
सस्पेंड किए जाने की पुष्टि संयुक्त आयुक्त संजय कुमार ने की है। इस मामले में आरोपियाें के खिलाफ कार्रवाई को लेकर बुधवार को मृतक के परिजन पुलिस आयुक्त से मिले थे।
उल्लेखनीय है कि गांव फरीदपुर निवासी नरेंद्र की 19 अगस्त को दिनदहाड़े सेक्टर-15 में बीएसएनएल कार्यालय के नजदीक गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय नरेंद्र के साथ स्कॉर्पियो में सुरक्षाकर्मी नियाज अहमद भी बैठा हुआ था।
पुलिस ने इस मामले में मृतक के भाई जितेंद्र की शिकायत पर हत्या व षड्यंत्र सहित अन्य आरोपों में राजेश नागर, महावीर बैंसला, सुनील बैंसला, अनिल, रूप सिंह नागर, विनोद खटाना, विजयपाल, फिरे व जेल में बंद पूर्व पार्षद कैलाश बैंसला के खिलाफ केस दर्ज किया था।
पुलिस इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और मामले की जांच अभी चल रही है। इस मामले में सुरक्षाकर्मी की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए थे। इसके बाद यह कार्रवाई की गई है।