जीआरपी थानाक्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर ट्रेनों की चपेट में आने से दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। तीन की पहचान नहीं हो पाई है।
जीआरपी ने बताया कि ओल्ड व न्यू टाउन रेलवे स्टेशन के बीच सोमवार रात को एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। मृतका की उम्र करीब 40 साल है और उसने जामुनी कलर का सूट पहन रखा था।
दूसरी ओर मेवला महाराजपुर फाटक के पास सोमवार सुबह करीब 7.40 पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की उम्र करीब 30 साल है। उसने काले रंग की पेंट और गुलाबी कलर की शर्ट पहन रखी थी।
इसी प्रकार न्यू टाउन स्टेशन के पास लगभग 30 वर्षीय एक युवती की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका ने गुलाबी रंग की साड़ी पहन रखी थी। उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
एक अन्य घटना में बाटा पुल के पास सोमवार सुबह 10.30 पर रेलवे लाइन पार करते वक्त ट्रेन की चपेट में आने से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरेश कुमार निवासी रामनगर कॉलोनी के रूप में हुई है।
जीआरपी ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जीआरपी आसपास के थानों और कॉलोनियों में संपर्क कर मृतकों की पहचान करने में जुटी है।