सीबीआई के पूर्व निदेशक जोगिंदर सिंह ने कहा कि सफलता का आंकलन डिग्री से नहीं हो सकता। डिग्री का यह मतलब नहीं है कि आप अच्छे अंक ले आए हैं तो सफल व्यक्ति माने जाएंगे। जिंदगी में सफल होने के लिए अपने लक्ष्य को हासिल करना बहुत जरूरी है। तभी आप असली सफलता पा सकेंगे।
वह शुक्रवार को सोहना रोड स्थित दिल्ली इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड रिसर्च में आयोजित एक सेमिनार को संबोधित कर रहे थे। सिंह ने कहा कि ‘वह खुद पढ़ाई में फिसड्डी थे। आज तक किसी भी परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण नहीं हुए लेकिन जिंदगी में सफल रहे। कॅरियर में सफलता अर्जित की।’ युवाओं को टिप्स देते हुए उन्होंने बताया कि सबसे पहले अपना लक्ष्य निर्धारित करें। जीवन में क्या करना है? क्या बनना है? इसका लक्ष्य बनाएं।
सिंह ने कहा कि लक्ष्य तय होने के बाद समय की अहमियत समझें। समय की कद्र नहीं करेंगे तो समय आपकी भी कद्र नहीं करेगा। जो समय आप बिता रहे हैं उसकी समीक्षा करें। जीवन में टाइम मैनेजमेंट का विशेष योगदान है।
जिंदगी में सफल तभी होंगे जब आप अपनी बातें दूसरे तक पहुंचा सकें।
इस मौके पर इंस्टीट्यूट के चेयरमैन एसपी लाल ने बताया कि छात्रों के व्यक्तितत्व विकास के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसमें हर किसी मशहूर व्यक्ति को बुलाकर सेमिनार के जरिए छात्रों का मनोबल बढ़ाया जाएगा।