पायका (पंचायत युवा क्रीड़ा अभियान) के तहत मंगलवार को सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में आयोजित हुई बैडमिंटन प्रतियोगिता को खेल विभाग दोबारा करवाएगा। ताकि रिजल्ट में हुई गड़बड़ी को दूर किया जा सके। विभाग ने बैडमिंटन एसोसिएशन से प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की सूची मांगी है।
अमर उजाला ने बुधवार के अंक में इस गड़बड़ी को लेकर ‘बिना खेले ही खिलाड़ी बन गए गए विजेता’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की। इसके बाद खेल विभाग में हडकंप मच गया। पायका में मंगलवार को उन खिलाड़ियाें को विजेता (एकता कालिया) व उप विजेता (भव्य अनेजा) घोषित कर दिया गया था, जिन्होंने प्रतियोगिता में भाग ही नहीं लिया था।
यह दोनों खिलाड़ी जम्मू में चल रही नार्थ जोन बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए गए हुए हैं। जिस पर जिला खेल अधिकारी सत्य प्रकाश राणा ने तुरंत संज्ञान लेते हुए बैडमिंटन प्रतियोगिता को दोबारा से करवाने का निर्णय लिया। राणा ने बताया कि जिले की टीम को बेहतर बनाने के लिए ऐसा किया गया था।
लेकिन अगर दूसरे खिलाड़ियों को लगता है कि वह प्रतियोगिता में प्रथम आ सकते थे तो प्रतियोगिता का आयोजन दोबारा से होगा। उन्होंने बताया कि बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा उन्हें जानकारी दी गई कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी नहीं हैं। इसलिए पहले व दूसरे स्थान के लिए अच्छे खिलाड़ियाें को जगह दी गई।
ताकि वह जिले की टीम में खेल सके। इस मामले में बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है। प्रतियोगिता की तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है। सवाल यह है कि क्या एक खिलाड़ी अच्छा खेल रहा है तो दूसरे को मौका ही नहीं दिया जाएगा?