थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में शनिवार को चाकू घोंप कर की गई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को आरोपी पति महेश उर्फ भिंडी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में संतोष नगर सेक्टर-33 निवासी रोहताश ने थाना सराय ख्वाजा पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई महेश उर्फ भिंडी है।
वह और उसके अन्य भाई नरेश, दीपक व महेश, महेश की पत्नी आशा व मां प्रेमवती संतोष नगर स्थित अपनी झुग्गी में रहते हैं। वह लोग मूलरूप से गंगेश्वरी थाना आदमपुर जिला ज्योतिबा फुले नगर यूपी के रहने वाले हैं। महेश की शादी 11 साल पहले जिला सिवान (बिहार) के गांव पडोली निवासी काशी प्रसाद की पुत्री आशा से हुई थी। महेश उर्फ भिंडी शराब ज्यादा पीता है और रिक्शा चलाता है।
शनिवार को महेश शराब पीकर आया था। कहासुनी के दौरान महेश ने घर के अंदर से सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर आशा की हत्या कर दी थी। थाना सराय ख्वाजा पुलिस ने रविवार को आरोपी महेश को आगरा नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया है कि उसकी पत्नी बिना बताए अक्सर कहीं चली जाती थी और फिर अपनी मर्जी से वापस लौटती थी। इसी बात को लेकर उनके बीच में कई बार झगड़ा होता था।