फरीदाबाद। राजकुमार हिरानी की हिट फिल्म थ्री इडियट का फरहान अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले में भी है। यहां पर फरहान के कद्रदान कम नहीं हैं, लेकिन इन फरहान का असली नाम राजेश है।
हैदराबाद से सूरजकुंड मेले में पहली बार शिरकत कर रहे राजेश ने मेले में पेंटिंग का स्टॉल लगाया है। उनके स्टॉल पर पांच हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक की पेंटिंग हैं। श्रीकृष्ण व राधा की पेंटिंग सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। राजेश की कहानी थ्री इडियट के फरहान की तरह दिलचस्प है। राजेश के मन में शुरू से ही पेंटिंग करने की ललक थी। उन्हाेंने स्कूल में पेंटिंग के कई अवॉर्ड जीते थे, लेकिन परिवार के दबाव में आकर ग्वालियर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी कर ली। इसके बाद वह हैदराबाद में निजी कंपनी में जनरल मैनेजर के पद पर काम करने लगे, लेकिन इतने बडे़ पद पर पहुंचकर भी राजेश के मन में कला के प्रति अलख कम नहीं हुई।
इसी दौरान उनके जीवन में उनकी पत्नी मनीषा ने रैंचो बनकर प्रवेश किया। राजेश की तरह उनकी पत्नी की भी पेंटिंग में काफी रुचि थी। मनीषा ने घर पर पेंटिंग बनाने का काम शुरू कर दिया। धीरे-धीरे अपनी पत्नी से प्रेरित होकर राजेश भी पेंटिंग करने लगे। इसके बाद एक दिन राजेश ने अपनी नौकरी छोड़कर पूरा जीवन कला को समर्पित कर दिया। राजेश इस समय तीन आर्ट गैलरी के मालिक हैं, जोकि देहरादून में स्थित हैं। राजेश ने बताया कि अपनी कला के माध्यम वह न केवल धन कमा रहे हैं, बल्कि अपनी कला के साथ न्याय करके वह पहले से अधिक खुश हैं।